– मुख्यमंत्री से पीड़िता की मां से मिलने व 50 लाख आर्थिक मदद देने को कहा
– राम मनोहर लोहिया व भीमराव अम्बेडकर के सिद्धांतों को लेकर जनता के बीच जाएगी सपा
झांसी। ललितपुर से रेप पीड़िता के परिजनों से मिल कर झांसी लौटे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को झांसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जहां उत्तर प्रदेश की कानून- व्यवस्था पर कड़ा हमला बोल कर ललितपुर के पाली थाने में रेप पीड़िता किशोरी से इंस्पेक्टर द्वारा दुष्कर्म की घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि पाली की घटना में शामिल अफसर टर्मिनेट कब होंगे? जिस थाने में घटना हुई है, उस थाने पर बुलडोजर चलाया जाएगा? अखिलेश यादव ने दावा किया कि सपा के दवाब के चलते आरोपी इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर थाने के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पीड़िता के परिवार से मिलने आया था। पीड़िता की मां से मिला। ललितपुर की घटना ने सबको शर्मिंदा किया है। जब रक्षा करने वाली पुलिस भक्षक बन जाए तो सोचिये हम किस दिशा में जा रहे हैं। थाने अराजकता के केन्द्र बन गये हैं।
उन्होंने कहा सबसे ज्यादा कस्टोडियल डेथ यूपी में हो रही है। एनएचआरसी और महिला आयोग ने सबसे ज्यादा नोटिस यूपी को दिया है। यह साबित करता है कि यूपी किस हाल में है। उन्होंने कहा कि बात इस पर हो रही है कि मंदिर से इतने लाउडस्पीकर उतारे गए, मस्जिद से इतने लाउडस्पीकर उतारे गए, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की दुगनी आय पर कोई बात नहीं करता। उन्होंने सवाल किया कि झांसी, ललितपुर और बुन्देलखण्ड में कितने लोगों को रोजगार मिल गया। डबल इंजन की सरकार चल रही है। रिजर्व बैंक ने निर्णय लिया है कि लोन लिया है तो ज्यादा चुकाना पड़ेगा। कर्ज पहले कितना था, अब कितना है। बैंक डूब गए, मर्ज हो गए।
अखिलेश ने कटाक्ष करते हुए कहा कि बुन्देलखण्ड में डिफेंस कॉरिडोर बन रहा था। यहां भारतीय सेना के लिए तोप और फाइटर प्लेन निर्माण कराने का दावा किया गया था। दूसरी ओर दिल्ली सरकार बाहर से फाइटर प्लेन खरीदने की तैयारी कर रही है। जब बाहर से फाइटर खरीद लेंगे तो बुन्देलखण्ड में बने फाइटर कौन खरीदेगा। उन्होंने बताया कि समाजवादियों के शुरू कराए काम अभी तक पूरा नहीं कर पाए हैं और समाजवादियों के कामों को अपना बताया जा रहा है यूपी पहला प्रदेश है, जहां जानवरों के कारण दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है। चरमराई चिकित्सा सेवाओं, दवाओं की अन उपलब्धता पर चर्चा करते हुए सवाल किया कि झांसी में 500 बेड का अस्पताल कब से बना खड़ा है, बजट नहीं दिया जा रहा।
आजम खान से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आजम खान के साथ खड़ी है। आजम खान को नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने की उठ रही मांग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जो पार्टी के विधायक चाहेंगे, वो होगा। शिवपाल यादव को कैसे मनाएंगे के सवाल को टालते हुए कहा कि वह चाचा हैं।
प्रदेश में जहां कहीं भी अन्याय हो रहा है, सपा के लोग वहां पहुंच रहे हैं। प्रदेश में थाने अराजकता का केंद्र बन रहे हैं। इस समय लगभग 80 से 90 प्रतिशत नौजवान बेरोजगार हैं। सरकारी खरीद केंद्रों पर कितनी गेंहू खरीदी जा रही है। गेंहू बाजार में बिक कर प्राइवेट कंपनियों के हाथ में पहुंच रही। उन्होंने कहा कि सपा राम मनोहर लोहिया व भीमराव अम्बेडकर के सिद्धांतों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री से ललितपुर दौरे के दौरान रेप पीड़िता की मां से मिलने और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये सहायता की मांग की।
इस अवसर पर पर पूर्व राज्य सभा सांसद डाॅ चन्द्र पाल सिंह, पूर्व एमएलसी श्याम सुन्दर सिंह यादव, पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव, प्रदेश महासचिव तिलक चन्द्र अहिरवार, ज़िलाध्यक्ष महेश कश्यप, महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, पूर्व जिलाध्यक्ष संत सिंह सेरसा, सीताराम कुशवाहा, पूर्व मंत्री अजय सूद, विशुन सिंह यादव, अस्फान सिद्दीकी, अरविंद वशिष्ठ, संजय पाल, महावीर शरण भार्गव, आरिफ खान, उमा शंकर यादव, विजय झासिया, प्रतिपाल सिंह दाऊ, राजेश यादव, फारूख शेख मौजूद रहे।