झांसी। उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल के बीना से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तीसरी लाइन परियोजना के अंतर्गत धौरा-जाखलौन रेल खंड पर विद्युतीकरण के अंतर्गत लगभग 14.75 किलोमीटर खंड में 25 केवी एसी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन प्रणाली का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस खंड में विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण 29 मार्च को उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर जे सी एस बोरा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान परख निरीक्षण यान से बिजली कर्षण प्रणाली से जुड़े विभिन्न इंस्टॉलेशन, समपार फाटक (गेट्स), स्विचिंग पॉइंट्स, खंभे, ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) वायरिंग, अर्थिंग , SP और अन्य सभी आवश्यक उपकरणों की बारीकी से परख की गई। इस प्रक्रिया में सभी उपकरणों की कार्यकुशलता की जांच करते हुए, उन्हें आवश्यकतानुसार संचालित कर उनकी प्रभावशीलता का आकलन किया गया। जिससे रेल परिचालन की विश्वसनीयता और संरक्षा की पुष्टि की जा सके।
धौरा-जाखलौन खंड में तीसरी लाइन के इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन की शुरुआत से न केवल रेलगाड़ियों की गति में वृद्धि होगी, बल्कि परिचालन लागत में भी कमी आएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएँ मिल सकेंगी। खंड का विद्युतीकरण कार्य के पूरा होने से धौरा-जाखलौन तीसरी लाइन परियोजना को नई गति मिलेगी।
उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल निरंतर आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रयासरत है और यह निरीक्षण उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस कार्य के पूरा होने से बीना से धौलपुर खंड पर तीसरी लाइन का कार्य पूर्ण हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य बिजली इंजिनीयर (निर्माण) कृष्णा मोहन सिंह, उप मुख्य बिजली इंजिनीयर (निर्माण) निर्दोष कुमार मिश्रा, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनीयर (कर्षण-वितरण) सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनीयर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम सहित निर्माण विभाग एवं मंडल के अधिकारी , निरीक्षक, पर्यवेक्षक उपस्थित रहे I














