झांसी। झांसी कोर्ट परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई जब थाना सीपरी बाजार पुलिस की गिरफ्त से छूट कर एक आरोपी ने कोर्ट में पेश होने से पहले ही दौड़ लगा दी। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी करके कोर्ट परिसर के भीतर से ही उसे पीछा कर पकड़ लिया। उसके बाद जब तक पेशी नहीं हुई तब तक उसे कुर्सी से बांधकर रखा।

दरअसल सीपरी बाजार निवासी विनोद रायकवार (26) का पड़ोसियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसके बाद पुलिस ने उसका शांति भंग में चालान कर दिया था। मंगलवार को पुलिस कर्मी आरोपी को सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर कोर्ट पहुंचे। पुलिस ने आरोपी विनोद को कोर्ट रूम के बाहर ही बैठा दिया था। उसी समय विनोद सुरक्षा में लगे दो सिपाहियों को चकमा देकर वहां से भाग निकला।
आरोपी को भागता देख सिपाहियों के होश उड़ गए और पकड़ने तुरंत उसके पीछे दो सिपाही दौड़े। विनोद एनआईसी के पीछे की इमारत से होते हुए बाहर की ओर भाग रहा था। सिपाहियों ने पीछा कर उसे वहीं पर दबोच लिया। पुलिस कर्मी पकड़कर उसे दोबारा कोर्ट रूम लेकर आए। कोर्ट में पेश न होने तक उसे कुर्सी में रस्सी से बांध दिया था।