झांसी। सफर के दौरान नेशनल हाइवे के टोल प्लाजा पर टोल टैक्स मे आने वाली समस्याओं के संबंध में राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अर्जरिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एनएचएआई के डीजीएम से नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में वार्ता कर समस्याओं के निराकरण करने की मांग की।

गुरुवार को नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अर्जरिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने टोल टैक्स के संबंध में आने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु डीजीएम एनएचएआई सुनील जैन व उनकी टीम से वार्ता की। वार्ता के दौरान जनता को टोल टैक्स से होने वाली परेशानियों पर राष्ट्रभक्त संगठन ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। समस्याओं का जवाब देते हुए डीजीएम सुनील जैन ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जब टोल से जाता है और लौटकर 24 घंटे के भीतर आता है तो लौटने में उसको सिर्फ आधा ही टैक्स देना है। जो टोल पूरा टैक्स वसूल कर रहे हैं उनकी शिकायत करें उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। टोल टैक्स देने के बाद जनता को अच्छी रोड देना, जनता के लिए सुविधाएं प्रत्येक टोल पर उपलब्ध कराना टोल टैक्स वसूल करने वाली कंपनी का कार्य है। यदि किसी टोल प्लाजा पर पानी, हवा, कैंटीन तथा शौचालय इत्यादि सुविधाएं उपलब्ध नहीं है तो उसकी शिकायत भी की जा सकती है। राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड्जरिया ने मांग करते हुए कहा कि प्राइवेट चार पहिया वाहनों को पहले की तरह निशुल्क टोल से निकाला जाए, प्राइवेट वाहन पर किसी भी प्रकार का टोल ना वसूला जाए क्योंकि झांसी चारों ओर से मध्यप्रदेश से घिरा है और झांसी वासियों को झांसी से 10, 12 किलोमीटर दूर जाने में ही टोल देना पड़ता है। अतः झांसी से 100 किलोमीटर तक सभी वाहनों को निशुल्क निकाला जाए। अंचल ने कहा कि टोल से निकलने वाले ओवरलोड वाहनों की वीडियोग्राफी कर आरटीओ एवं अन्य संबंधित विभागों को भेजा जाए जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त ना हो सके। सभी बातों पर एनएचएआई के अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए समस्याओं के समाधान की बात कही है। इस अवसर पर राम नारायण शर्मा, मोहित, दीपचंद कुशवाहा, आरके दुबे आदि उपस्थित रहे।