बुंदेलखंड के विकास का संकल्प: दलहन उत्पादन बढ़ाने को लोकसभा में उठी पहल
झांसी। झांसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने लोकसभा में बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय को प्रमुखता से उठाते हुए दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
सांसद ने अपने वक्तव्य में कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र की भौगोलिक एवं जलवायु परिस्थितियाँ दलहन उत्पादन के लिए अत्यंत अनुकूल हैं, किंतु किसानों को पर्याप्त संसाधन एवं सुविधाएं समय पर उपलब्ध न होने के कारण अपेक्षित उत्पादन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने रबी की फसल के दौरान किसानों को दिए जाने वाले अस्थायी विद्युत कनेक्शनों की तिथि को और अधिक विस्तारित करने की मांग की, जिससे सिंचाई व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके और किसानों को फसल उत्पादन में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही, सांसद ने देश में दलहन उत्पादन को संगठित एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से “दलहन बोर्ड” के गठन का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि इससे दलहन क्षेत्र में अनुसंधान, उत्पादन, भंडारण एवं विपणन को एक नई दिशा मिलेगी और देश को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त होगा।
सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और निरंतर ऐतिहासिक निर्णयों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त करने के लिए कार्य कर रही है। अंत में, सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे बुंदेलखंड सहित देशभर के किसानों को लाभ प्राप्त होगा।














