झांसी मंडल में सौर ऊर्जा के 1204.93 किलोवाट पावर क्षमता के प्लांट स्थापित

झांसी। झांसी रेल मंडल द्वारा 2022-23 की प्रथम तिमाही के दौरान मंडल के कार्यालयों की छत, स्टेशन, अस्पताल आदि छतों पर संस्थापित सोलर पैनल कुल 3,60,398 यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन किया गया | जिससे लगभग रू 11.14 लाख के राजस्व की बचत हुई। झांसी मंडल में कुल 1204.93 किलोवाट पावर क्षमता के प्लांट स्थापित है।      

 मंडल द्वारा 2017-18 से सौर ऊर्जा का उत्पादन शुरू किया गया। जिससे वित्तीय  वर्ष 2022-23 की प्रथम तिमाही  के अंत तक अर्थात् जून  2022 तक 37,54,750 यूनिट का उत्पादन किया जा चुका है तथा रू.1.13 करोड़ के रेल राजस्व की बचत की गयी  है।  मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में 215.14kwp , रेलवे हॉस्पिटल 55.44 kwp, एस. एम. एम स्टोर इलेक्ट्रिक लोको शेड  झांसी में 55.49 किलोवाट पॉवर क्षमता के सौर ऊर्जा प्लांट संस्थापित किये गए है |

मंडल का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा प्लांट ग्वालियर स्टेशन पर स्थापित है जो कि 640 किलोवाट पावर का है। इसके अलावा खजुराहो, मुरैना, बिरलानगर,डबरा, महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन, दतिया, सरकनपुर और टीकमगढ आदि स्थानों पर भी विभिन्न क्षमताओं के सौर ऊर्जा प्लांट संस्थापित किए जा चुके है। झाँसी मंडल द्वारा उक्त संस्थापनों के माध्यम से हरित ऊर्जा में भागीदारी दी जा रही है तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लायी गयी है |