यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सेवाएं/ सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर

0
12

मंडल रेल प्रबंधक द्वारा दतिया एवं ओरछा स्टेशनों का सघन निरीक्षण

झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा आज पूर्वाह्न में झांसी रेल मंडल के अंतर्गत दतिया ओरछा रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया गया और यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सेवाएं/ सुविधाएं व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

दतिया में निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, वाटर कूलर एवं पेयजल व्यवस्था, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, संरक्षा मानकों के अनुपालन तथा सिग्नल एवं दूरसंचार (S&T) इंस्टॉलेशन की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया। इस दौरान दतिया गुड्स शेड का भी जायजा लेकर माल ढुलाई से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

अपराह्न में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित ओरछा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी वाटर बूथों एवं वाटर कूलरों में पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा यात्री सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस क्रम में वीआईपी रूम, शौचालय, जन सुविधा केंद्र, खान-पान स्टॉल, रैंप, स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया का गहन निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही स्टेशन मास्टर के कार्य ज्ञान की परख कर परिचालन एवं संरक्षा से जुड़े पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक सुधार शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नंदीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेक नारायण, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन सहित मंडल से अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे l

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here