भोपाल। रविवार को सुबह नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में यात्री को परोसी गई आइस्क्रीम में काकरोच निकलने से अफरातफरी मच गई। यात्री द्वारा आपत्ति जताने पर वेंडर ने माफी मांगते हुए यात्री को दूसरी आइस्क्रीम परोस दी है।

दरअसल, भोपाल निवासी नावेद रविवार सुबह भोपाल जाने के लिए नई दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस के सी-14 कोच में सीट नंबर 66 पर सवार हुए। झांसी पहुंचने के बाद शताब्दी के कैटरिंग स्टाफ ने यात्रियों को खाना परोसना शुरू किया। खाना खाने के बाद सभी यात्रियों को आइसक्रीम परोसी गई। यात्रियों को परोसी गई आइसक्रीम अमूल कंपनी की थी। नावेद ने मुंह का स्वाद मीठा करने के लिए जैसे ही आइसक्रीम के पैकेट को खोला तो आइसक्रीम के ऊपर कॉकरोच पड़ा हुआ था। यह देख नावेद हैरान रह गए। नावेद की आइसक्रीम में कॉकरोच देख अन्य यात्रियों का मन भी खराब हो गया। इन यात्रियों ने भी आइसक्रीम खाने से इनकार करते हुए कैटरिंग स्टाफ को आइस्क्रीम वापस लौटा दी।

आइसक्रीम में कॉकरोच मिलने की नावेद शिकायत नहीं करें इसको लेकर कैटरिंग स्टाफ नावेद से मिन्नतें करने लगा। इस पर नावेद ने इसके लिए कैटरिंग स्टाफ की गलती न बताते हुए कंपनी की गलती बताया। नावेद ने बताया कि इस मामले की शिकायत वे भोपाल पहुंचकर करेंगे। वह पूरे मामले की शिकायत रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व रेल मंत्रालय के अधिकारियों से करेंगे। प्रीमियम ट्रेनों में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। यहां बता दें कि इससे पहले भी कई बार खाने की क्वालिटी को लेकर यात्री शिकायत कर चुके हैं।

बताया गया है कि इस ट्रेन में खानपान व्यवस्था इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन द्वारा दी जाती है। उसी ने निजी वेंडरों को ठेका दिया है। यात्री का कहना है कि जिस कंपनी ने खानपान उत्पाद व सामग्री यात्रियों को परोसने के लिए खरीदी जा रही है उन कंपनियों व संस्थाओं को इस तरह की लापरवाही से बचने की पूर्व से नसीहत दी जानी चाहिए। शौचालय भी गंदे इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों ने शौचालयों के गंदे होने की शिकायत की है। रेलवे के अधिकारियों से मांग की है कि कम से कम शौचालय को साफ—सुथरा रखा जाए। पूर्व में भी शताब्दी एक्सप्रेस में एक यात्री भोपाल से झांसी के बीच शौचालय में फंस गए थे। जिन्हें दरवाजा तोड़कर निकाला गया था।