प्रेरणा दिवस के रुप में मनाया स्वर्गीय श्री सीताराम गुप्ता का जन्म दिवस

झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई जूनियर हाई स्कूल के तत्वावधान में जिम्नेजियम हॉल में शिक्षाविद, प्राचार्य सीताराम गुप्ता का जन्म दिवस प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक रवि शर्मा, विशेष अतिथि राज्य मंत्री हरगोविंद कुशवाहा, रजिस्ट्रार चिट फंड आनंद सिंह एवं नेत्र विशेषज्ञ डॉ एमसी अग्रवाल के साथ कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के अध्यक्ष संजय पटवारी ने दीप प्रज्वलित कर स्वर्गीय सीताराम गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर संस्था के अशोक गुप्ता ने सीताराम गुप्ता के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने पर विद्यालय के अध्यापकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय सीताराम गुप्ता का जन्म दिवस प्रेरणा दिवस के रूप में मनाना अपने आप में एक प्रेरणा की बात है। हमें उनसे बहुत कुछ प्रेरणा लेकर अपने जीवन में व्यक्ति विकास अवश्य करना चाहिए तभी हम राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
विशेष अतिथि हरगोविंद कुशवाहा ने संस्था के क्रियाकलापों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान में यह संस्था शिक्षा का ज्ञान देने के साथ-साथ खेल जगत में भी काफी अग्रणी स्थान रखती है। विशिष्ट अतिथि चिट फंड रजिस्ट्रार आनंद सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संजय पटवारी ने की। इस अवसर पर बुंदेलखंड सेवा मंडल के महामंत्री प्रभात सक्सैना, नाथूलाल मट्ठा, गिरजा शंकर तिवारी, खुशाली कुशवाहा, जगदीश कौशल, देवी सिंह कुशवाहा, संतोष गुप्ता, बाबूलाल लहरिया, मीनू शर्मा आदि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अंजना तिवारी ने एवं आभार संस्था के प्रबंधक चुन्नीलाल अग्रवाल ने व्यक्त किया।