झांसी। शराब के नशे में रिश्ते नाते भूले भाई द्वारा बहन के रिश्तों को कलंकित कर देने की घटना सामने आई। एक किशोरी ने अपने भाई पर शराब के नशे में उस पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

नवाबाद थाना क्षेत्र के तालपुरा निवासी 16 वर्षीय किशोरी ने देर रात थाना पहुंच कर आरोप लगाते हुए बताया की गत रात्रि जब उसके परिजन ताजिया जुलूस में गए थे और घर पर वह अकेली सो रही थी। इस दौरान रात करीब ढाई बजे उसका 24 वर्षीय भाई टिंकू उर्फ शाहरुख शराब के नशे में धुत होकर घर आ गया। उसने डरा धमका कर उसके साथ बलात्कार कर दिया।

जब माता पिता घर लौटे तो उसने इस घटना की जानकारी दी लेकिन उन्होंने लोक लाज के चलते चुप रहने की सलाह दी। इस पर परेशान पीड़ित किशोरी अकेले ही देर रात थाना नवाबाद पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद घटना स्थल का निरीक्षण कर आरोपी के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित किए और मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।