पूर्व केंद्रीय मंत्री ने झांसी स्टेशन पर समयबद्ध रेल परिचालन व (अ)व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए
झांसी। पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने झांसी स्टेशन पर रेल प्रशासन के समयबद्ध रेल परिचालन के दावों की कलई खोलते हुए आरोप लगाया है कि जिस ट्रेन (पंजाब मेल) से उन्हें यात्रा करना थी वह निर्धारित समय से पहले आ गई और चली गई। इस लापरवाह पूर्ण (अ)व्यवस्था के कारण उन्हें परेशान होना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया है कि स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं के निर्माण में व्यावहारिक संवेदनशीलता का अभाव कारण बना है।
इस संबंध में सुश्री उमा भारती ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर बताया है कि उनके साथ आज (रविवार) को झांसी रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए यात्रा के समय यह घटना हो गई जिसमें कोई अपराधी नहीं है बल्कि स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं के निर्माण में व्यावहारिक संवेदनशीलता का अभाव कारण बना है।
उन्होंने कहा कि झांसी रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए जाएं तो स्पष्ट हो जाएगा कि “मैं झांसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आने के पहले आ गई थी और यह ट्रेन निर्धारित समय से पूर्व टाइम पर झांसी आ गई और निर्धारित समय से पूर्व प्रस्थान हो गई। मुझे बैटरी गाड़ी में बैठाकर प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 4 नंबर की तरफ ले जाया जा रहा था इतने में जिस ट्रैक को हमें पर करना था उस पर से एक गाड़ी लंबे समय तक गुजरी और हम खड़े रहे फिर जब थोड़ा आगे बढ़े तो एक हाथ ठेला ट्रैक में फंसा हुआ था उसको निकालने में मेरे सुरक्षाकर्मियों ने सहयोग किया फिर जब मैं 4 नंबर प्लेटफार्म पर पहुंची तथा जिस ट्रेन पंजाब मेल में मुझे बैठना था वह चलती जा रही थी फिर किसने चेन खींची जिसका मुझे अंदाज नहीं है और मुझे ट्रेन में बैठा दिया गया।
उन्होंने लिखा कि मैं समय पर स्टेशन पहुंची, तेजी से नहीं चल पाने की मेरी असमर्थता के कारण थोड़ा पहले रेलवे स्टेशन पहुंची, झांसी रेलवे विभाग के अधिकारी मेरी इस शारीरिक असमर्थता से सालों से परिचित हैं इसलिए उन्होंने मेरे लिए बैटरी गाड़ी की व्यवस्था की थी क्योंकि एक्सीलेटर पर भी मुझे तकलीफ हो सकती थी।
सब कुछ समय के अनुसार था किसी से कोई भूल नहीं थी फिर भी ट्रेन के तीन-चार मिनट मेरे लिए खराब हुए इसमें पहला कारण था ट्रेन का समय से पहले पहुंचना तथा समय से 2 मिनट पहले निकल जाना, फिर जिस ट्रैक को मुझे पार करना था उस पर अचानक लंबे समय तक ट्रेन का गुजरना तथा इस ट्रैक पर एक हाथ ठेले का फंसा हुआ होना इसके लिए कौन जिम्मेदार हो सकता है सिवाय इसके कि हमें रेलवे का आधुनिकरण करना चाहिए लेकिन पुरानी व्यवस्थाओं को सजग भी रखना चाहिए। मैं मथुरा और झांसी की इन घटनाओं के बारे में मैं आपसे मिलकर बात करूंगी।
उन्होंने लिखा कि मेरा तो छोड़ दीजिए लेकिन आमजन, दिव्यांगजन, वृद्ध, स्त्री पुरुष बहुत सारा सामान एवं गोद में बच्चे लिए महिलाएं अव्यवस्था का शिकार होते हैं। मैं झांसी रेलवे के अधिकारियों की बिल्कुल गलती नहीं मानती और अपनी भी नहीं मानती। यह पूरी की पूरी व्यवस्था रेल के अंदर रेल को संचालित करने वाले अधिकारियों के द्वारा हुई। मैं आपसे फिर कहूंगी कि आप इन अव्यवस्थाओं पर ध्यान दीजिए। @AshwiniVaishnaw @RailMinIndia @RailwaySeva
16:14 12 Apr 26-229 Views
रेल प्रशासन ने कहा – पंजाब मेल अपने निर्धारित समय से रवाना हुई
पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती के वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन पर पंजाब मेल ट्रेन पकड़ने के सम्बन्ध में रेल प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। इस संबंध में पीआरओ एमपी सिंह ने बताया कि “मामले की तत्काल प्रभाव से उच्च स्तरीय जांच कराई गई। पंजाब मेल आज वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन पर समय से पूर्व आई तो थी परंतु अपने निर्धारित समय पर ही गंतव्य की ओर रवाना हुई।
कई यात्री अपने सामान और पानी की बोतल के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरे और गाड़ी चलने तक ट्रेन में वापस नहीं चढ़ पाए। उन्हीं को चढ़ने के लिए किसी ने ट्रेन में ACP की। तकनीकी तौर पर ACP अलार्म चैन पुलिंग को रीसेट करने के पश्चात् ट्रेन पुनः अपने गंतव्य स्थल की ओर रवाना हुई।
स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों को कम से कम असुविधा हो इसके लिए निरंतर योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।”














