झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र में गोविंद चौराहा के निकट मोहनी बाबा सैंयर गेट में 11वीं कक्षा के छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। किन कारणों के चलते आत्महत्या की फिलहाल पता नहीं चल सका है।
गोविंद चौराहा के निकट मोहनी बाबा सैंयर गेट निवासी शाहिद अली का 18 वर्षीय पुत्र कौशिफ 11वीं कक्षा में पढ़ने के साथ-साथ सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के नंदनपुरा में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर भी काम करता था।
परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान कौशिफ काम से लौटकर घर आया, खाना खाया और उसके बाद मां के दुपट्टे से पंखे के सहारे फांसी लगा ली। शाम जब उसके पिता शाहिद अली काम से लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांका तो बेटे का शव पंखे से लटका दिखाई दिया।
यह देख कर शाहिद अली घबरा गये और किसी तरह दरवाजा खोला, लेकिन तब तक बेटे की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया गया है कि शाहिद अली अपने परिवार के साथ मोहनी बाबा में किराए के मकान में रहते हैं। परिवार में पत्नी और दो बेटे कौशिफ (18) और मेजान अली (15) हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते परिवार के सभी सदस्य काम करते हैं। इस घटनाक्रम से परिवार में कोहराम मचा है।














