प्रेमी युगल के शव मिलने से सनसनी, हत्या व आत्महत्या के बीच झूलती मौत

निबाड़ी मप्र (संवाद सूत्र)। उत्तर प्रदेश की सीमावर्ती मध्य प्रदेश के जिला निबाड़ी के सेंदरी थाना अंतर्गत गुलेटर कुठार डिमरपुरा-पूंछा पहाड़ियों के जंगल में मप्र की एक युवती का गला रेता हुआ रक्त रंजित शव और उससे लगभग 100 मीटर की दूरी पर उप्र के झांसी के एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। उसके पैर जमीन से छू रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्ट्या मामला प्रेम प्रसंग के चलते हत्या और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
सेंदरी पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) टीम साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या के पहलुओं की जांच कर रही है। हर प्वाइंटर पर जांच के लिए कहा गया है। ताकि इस घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। दोनों युवक-युवती के कॉल रिकॉर्ड चेक किए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान वर्षा रायकवार (19) पुत्री किशोरी, निवासी ग्राम गुलेटर, थाना सेंदरी, जिला निवाड़ी (मध्य प्रदेश) और चन्द्रभान उर्फ हरेन्द्र (24) पुत्र रामस्वरूप, निवासी ग्राम सिलोरी, थाना टहरौली, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
युवती के परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
परिजनों की मानें तो युवती शनिवार से लापता थी। उन्होंने सेंदरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।परिजनों के अनुसार, दोनों शनिवार दोपहर करीब 3 बजे से लापता थे, जिसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी। रविवार को सेंदरी के यूपी-एमपी बॉर्डर पर दोनों के शव बरामद हुए। संभावना है कि दोनों में किसी बात को लेकर हुए विवाद में युवक ने पहले युवती का गला रेतकर हत्या कर दी होगी और फिर करीब 100 मीटर दूर जाकर खुद फांसी लगा ली। परिजनों की मानें तो युवती का रिश्ता तय हो गया था। उसकी जल्द शादी होने वाली थी। दोनों के मोबाइल से कॉल रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है।
झांसी के थाना टहरौली के गांव सिलोरी निवासी चन्द्रभान उर्फ हरेन्द्र की बहन की शादी निवाड़ी (मप्र) के थाना सेंदरी के गांव गुलेटर कुडार में हुई है। यहां चंद्रभान की बहन की चचेरी ननद वर्षा रायकवार से जान-पहचान थी। शनिवार को दोनों घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने युवती की काफी तलाश की। थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई। लेकिन, उनका पता नहीं चला। रविवार की शाम ग्रामीण ढिमरपुरा के जंगल के करीब से निकल रहे थे। तभी युवती और युवक का शव देखा गया। युवती का गला रेता गया था जबकि आसपास कहीं खून का नामो-निशान नहीं था। यही नहीं कुछ दूरी एक युवक पेड़ से फांसी के फंदे पर झूल रहा था। उसके पांव जमीन से टिके थे। परिजनों ने युवती की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है। सेंदरी थाना प्रभारी के अनुसार “मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”














