झांसी। पारिवारिक कलह के चलते झांसी में दो युवतियों ने गले में फंदा कस कर आत्महत्या कर ली। इसमें बड़ागांव में एक महीने बाद मायके से ससुराल लौटी महिला का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायके वालों का आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को लटकाया गया है। मोंठ में किशोरी ने गले में फंदा लगाकर जान दे दी।

पारीछा पावर प्लांट में एक ठेकेदार का सुपरवाइजर बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीछा निवासी दिलीप कुमार की पत्नी नीतू रायकवार (30) थी। मायके वालों का कहना है कि दोनों की शादी 2011 में हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद रहने लगा था। आरोप है कि ससुराल वाले मारपीट करते थे। इन दोनों के दो बच्चे भी हैं। एक दस साल का बेटा वंश है और दूसरा 8 साल का अंशुमान है। जब दोनों के बीच विवाद बढ़ गया तो नीतू अपने मायके चली गई जबकि दोनों बच्चे मायके में अपने पिता दिलीप के ही पास थे।

बताया जाता है कि नीतू एक महीने बाद ससुराल वापस गई थी। वह अपने बच्चों से मिलने और उन्हें कुछ दिन के लिए अपने साथ लेने गई थी। इसी बीच पता चला कि नीतू का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। एक सुसाइड नोट भी पुलिस को दिया है जो बताया जा रहा है कि नीतू मायके में लिखकर आई थी। इसमें ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच करा रही है।

इसी प्रकार झांसी के मोंठ थाना क्षेत्र में एक युवती ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मोंठ थानान्तर्गत वृसिंगपुरा में रहने वाली लगभग 19 वर्षीय सोनम अपनी मां समेत परिवार के साथ रहती है। सोनम के पिता का काफी समय पहले देहांत हो गया था। विगत दिवस सोनम की मां मायके गई थी। सोनम भाई व भाभी के साथ खेत पर गई थी। खेत से वह जल्दी घर आ गई थी। भाई और भाभी जब खेत से घर लौटकर आए तो उन्होंने सोनम को घर में पंखे से फांसी से लटकते देखा। यह देख उनके होश हो उड़ गए। इसकी सूचना थाने की पुलिस व मां को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।