झांसी। थाना टोढ़ी फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम रेवन से निकली हुई लखेरी नदी में अज्ञात महिला की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। पुलिस द्वारा महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

दरअसल, ग्रामीणों ने ग्राम रेवन की लखेरी नदी में सुबह सुबह महिला की लाश को उतराते हुए देखा। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों को महिला की लाश के समीप प्लास्टिक की बड़ी भारी थैली भी नजर आई। जिसे देखकर लगता है कि महिला की लाश को थैली में भरकर नदी में फेंका गया है। थैली में से लाश को बाहर किसने निकाला यह सवाल बना है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव की शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया।