– कपड़े से बंधे थे महिला के पैर, सामान कुछ दूरी पर रखा था 

झांसी। जनपद के मोंठ थाना क्षेत्र अंतर्गत वाई पास जोरा ओवर ब्रिज मार्ग पर चटाई पर अज्ञात महिला का शव  पड़ा मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। मृतका के पैर बंधे होने व कुछ दूरी पर सामान रखा होना पहेली बना है।

दरअसल, शनिवार को प्रातः ग्रामीणों ने जनपद के मोंठ थाना क्षेत्र अंतर्गत वाई पास जोरा ओवर ब्रिज मार्ग पर चटाई पर अज्ञात महिला का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना ग्राम प्रधान बमरौली के द्वारा मोंठ थाना पुलिस को दी गई। महिला के पैर लाल रंग के कपड़े से बंधे हुए थे। महिला के मुंह और नाक से झाक निकल रहा था। शव से कुछ दूरी पर सामान भरी दो बोरियां, गैस सिलेंडर आदि मिला है।

मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा महिला के सामान की तलाशी ली, सामान में मिले कागजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया गया। मृतका की शिनाख्त भूरी निषाद पत्नी भूरा निषाद निवासी तरीबूंदा थाना कालपी जिला जालौन के रुप में हुई है। मृतका का मायका कानपुर देहात के बैजामऊ में है। ससुराल वालों की मानें तो मृतका पिछले 6 माह पहले अपने मायके में जाकर रहने लगी थी। इधर मायके वालों का कहना है कि विगत दिवस मृतका का पति उसे अपने साथ ले गया था। मृतका की मौत किस कारण से हुई और क्यों। पुलिस जांच पड़ताल में लगी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव व सामान को इत्मिनान पूर्वक तरतीब से सूनसान इलाके में रख दिया। पुलिस द्वारा महिला की पहेली सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।