एग्जाम में 3 बैक आने से डिप्रेशन में था
झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कानपुर रोड कोछाभांवर स्थित बीआईईटी कॉलेज में उस समय सनसनी फ़ैल गई जब फाइनल ईयर के एक छात्र का शव पंचवटी हॉस्टल के कमरे में फंदे पर झूलता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है कि आखिर छात्र ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया है। बताया गया है कि छात्र एग्जाम में 3 बैक आने से डिप्रेशन में था।
जिला औरैया व हाल थाना प्रेमनगर के राजगढ़ निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कानपुर रोड स्थित बीआईईटी कॉलेज में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र था। वह कालेज कैम्पस में स्थित पंचवटी हास्टल के कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि अभिषेक आज सुबह अपने साथियों से वार्ता करने के बाद पंचवटी हॉस्टल के अपने कमरे से नीचे पानी भरने आया था। इसके बाद वह कमरे में गया ओर फिर बाहर नहीं निकला। उधर, छात्र की मां सुबह से उसे फोन कर रही थीं, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रहा था। इसके बाद उन्होंने राजगढ़ से एक किराएदार को हॉस्टल भेजा। किराएदार ने दरवाजे के छेद से अंदर देखा तो छात्र का शरीर फंदे पर झूलता दिखाई दिया। इसकी जानकारी उसने मृतक की मां को दी। इस पर कोहराम मच गया।
अभिषेक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी छोटी बहन काजल देहरादून में पढ़ाई कर रही है। पिता वेदपाल ड्राइवर हैं, जबकि मां सुनीता गृहिणी हैं।अभिषेक BIET कॉलेज में मैकेनिकल ब्रांच से बीटेक कर रहा था। वह थर्ड ईयर का छात्र था और कैंपस के पंचवटी हॉस्टल के रूम नंबर S-8 में अकेले रहता था। अभिषेक हर शनिवार को घर आता था, लेकिन इस बार नहीं आया। मंगलवार को उससे आखिरी बार बात हुई थी, तब सब कुछ सामान्य था।
मां ने कॉल किया, जवाब नहीं मिला तो खुला राज
मृतक के चाचा ने बताया- अभिषेक की मां सुनीता 1-2 दिन से अपने पैतृक गांव बंसई गई थीं। बुधवार सुबह उन्होंने अभिषेक को कई बार कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने किराएदार को हॉस्टल भेजा। किराएदार हॉस्टल पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर उसने दरवाजे के छेद से अंदर देखा तो अभिषेक का शव पंखे से लटका मिला।
इसके बाद उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर हॉस्टल के अन्य छात्र मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही वॉर्डन और निदेशक भी पहुंच गए। दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। विश्विद्यालय चौकी प्रभारी निखिल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र के पेपर में बैक आने पर वह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा था। शायद इसी के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने कहा कि अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है।












