झांसी। झांसी-रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 4/5 पर उस समय अफरातफरी मच गई जब वहां यात्रियों की सुविधा के लिए लगी लिफ्ट अचानक खराब हो गई। उस समय लिफ्ट में महिला और बच्चों समेत 06 यात्री सवार थे।
सूचना मिलने पर लिफ्ट को चालू करने का प्रयास किया गया पर सफलता नहीं मिली। इसकी जानकारी लगने पर आरपीएफ व तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गयी। इसके बाद लगभग एक घंटा तक फंसे रहे सभी यात्रियों को सीढ़ी की मदद से स-कुशल बाहर निकाला गया।
प्रभावित यात्रियों का मेडिकल चेकअप कराया गया। सभी स्वस्थ पाये गये। लिफ्ट ख़राब होने की जांच की जा रही है।
पीआरओ एमपी सिंह ने बताया कि लगभग 12.45 बजे प्लेटफार्म नंबर 4/5 पर लिफ्ट में लोगों के फंसे होने की जानकारी होते ही रेस्क्यू टीम तत्काल प्रभाव एक्टिव हो गई। 10 से 15 मिनट के अंदर ही दो बच्चों को लिफ्ट से सुरक्षित निकाल लिया गया। लिफ्ट में फंसे अन्य 5 लोगों को भी 30 से 40 मिनट में सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सामान्य अशोक प्रिय गौतम, स्टेशन निदेशक सीमा तिवारी सहित डॉक्टर, विद्युत इंजीनियर सामान्य की टीम के साथ RPF /जी आर पी और टिकट चेकिंग स्टाफ सहायता के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर उपस्थित रहे। आपात स्थिति के लिए MCO से आर्मी जवान को भी बुलाया गया।
यात्री का बैग स्ट्रिप फंसने से हुई घटना
उक्त घटना एक यात्री के बैग का स्ट्रिप चढ़ते समय लिफ्ट के गेट में फंसने के कारण हुई। उसने उसका खींचा जिस कारण लिफ्ट का सेंसर प्रभावित होने के कारण लिफ्ट रुक गई। यात्रियों से अनुरोध है लिफ्ट के प्रयोग के दौरान सावधानी बरतें। लिफ्ट का संचालन निरंतर होता है। उसमें किसी भी वस्तु से नुकसान न पहुंचाएं।
अक्सर हो जाती है लिफ्ट ख़राब
गौरतलब है कि प्लेटफार्म नंबर 4/ 5 की लिफ्ट नियमित मेंटीनेंस के अभाव में अक्सर खराब हो जाती है। संबंधित विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए अन्यथा कभी भी बड़ी घटना घटित हो सकती है।














