– राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्राथमिक संवर्ग का अभ्यास वर्ग सम्पन्न

 

संसाधनों के अभाव में प्रतिभा दम न तोड़ें, हर संभव मदद करेंगे: डॉ संदीप सरावगी 

झांसी। बीएचईएल स्थित एन०डी० तिवारी मेमोरियल इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक संवर्ग का अभ्यास वर्ग राजेश्वर दयाल पूर्व अपर आयुक्त के मुख्य आतिथ्य एवं समाजसेवी डॉ संदीप सरावगी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश्वर दयाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अभ्यास वर्ग के मुख्य वक्ता उच्च शिक्षा प्रभारी राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ महेंद्र कुमार ने अपने उद्बोधन में शिक्षार्थी में शिक्षा के प्रति भूख जागृत करने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि ने संघ की भूमिका और राष्ट्रीयता के महत्व में शिक्षक के दायित्व पर भी प्रकाश डाला। प्रदेश संरक्षक राम लखन भार्गव ने अपने वक्तव्य में अनुशासन और शैक्षिक दायित्वों के निर्वहन पर जोर दिया।

समाजसेवी एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ० संदीप सरावगी ने कहा भारत देश में शिक्षकों को विशेष सम्मान दिया जाता है। यहाँ तक कि उन्हें ईश्वर और माता-पिता से भी बढ़कर माना गया है। एक शिक्षक ही एक शिक्षार्थी का भविष्य उज्जवल कर सकता है। उन्होंने बताया कि इस युग में पश्चिमी सभ्यता का प्रभाव देश में बढ़ता जा रहा है जिससे लगातार मानव मूल्य गिरते जा रहे हैं और जिन्हें हम सम्मान की नजर से देखते थे उनके लिए आज कुछ भी कह देते हैं इसीलिए जीवन मूल्यों का स्तर गिरता जा रहा है। जहां सम्मान नहीं होता तो वहां ज्ञान भी नहीं होता किसी से भी ज्ञान लेने के लिए सबसे पहले हमें उसका सम्मान करना आना चाहिए। यह जरूरी नहीं कि किसी के पैर छूकर या हाथ जोड़कर ही सम्मान किया जाता है। वास्तव में आप किसी का सम्मान अंतरात्मा से करते है तो उससे आपका भावनात्मक जुड़ाव हो जाएगा जो अच्छे रिश्ते के लिए बहुत जरूरी है। मेरा मानना है प्राचीन काल में जो गुरुकुल पद्धति थी उसे आज पश्चिमी सभ्यता वालों ने एजुकेशन विद हॉस्टल फैसिलिटी के रूप में अपनाया है और उनकी शिक्षा का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है यानी जिस सभ्यता को हमने छोड़ दिया उसे दूसरा अपना रहा है और दूसरे ने जो छोड़ा उसे हम अपना रहे हैं। डाॅ० सरावगी ने अभ्यास वर्ग में सम्मिलित सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से अनुरोध करते हुए कहा जिस विद्यालय या कॉलेज में आप अपनी सेवाएं दे रहे हैं वहाँ कोई ऐसा छात्र जो संसाधनों के अभाव के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा है तो कृपया उसे मेरे पास भेजें मैं हर संभव मदद करने को तैयार हूं।

कार्यक्रम अध्यक्ष मातादीन द्विवेदी ने संगठन के स्वरूप पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में मंडल के समस्त पदाधिकारी एवं जनपद के अध्यक्ष, महामंत्री की प्रतिभागिता रही। इस मौके पर संजीव बुधौलिया, संजीव रावत, दीपक बिरथरे, मृत्युंजय, मनोज तिवारी, विवेक पांडे, हेमंत खरे, विवेक जैन, भूपेंद्र व्यास, हरिमोहन पुरोहित, सौरभ शर्मा, अवधेश यादव, हेमंत त्रिपाठी, राहुल त्यागी, अभिषेक खरे आदि उपस्थित रहे। संचालन कुलदीप द्विवेदी ने एवं आभार कार्यक्रम के संयोजक संजीव तिवारी ने व्यक्त किया।