झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में खेत पर गए पिता-पुत्र पर हमला हो गया। जिसमें बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गम्भीर बनी हुई है। घायल पिता को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

सीपरी बाजार थानान्तर्गत ग्राम गोपालपुरा निवासी लगभग 35 वर्षीय महेन्द्र अहिरवार मकान बनाने का कारीगर है जबकि महेन्द्र के पिता 50 वर्षीय काशीराम किसान हैं। परिजनों के मुताबिक परिवार के सदस्य बटाई पर खेत लिए हुए है। रविवार को देर सायं काशीराम और महेन्द्र खेत पर पानी लगाने गए थे। जहां से सोमवार को सुबह लौटकर घर वापस नहीं आए। काफी इंतजार के बाद काशीराम का छोटा बेटा धर्मेन्द्र खेत पर गया। जहां उसने काशीराम और महेन्द्र को खून से लथपथ देखा। यह देख उसके होश उड़ गए और उसने इसकी जानकारी परिजनों को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस व परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। जहां दोनों को रक्त रंजित हालत में उठा कर उपचार हेतु मेडिकल कालेज भेजा। मेडिकल कालेज में डॉक्टरों ने महेन्द्र मृत घोषित कर दिया जबकि काशीराम की हालत गम्भीर देख कर भर्ती कर लिया। पुलिस ने मृतक शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले उनका गांव के ही कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। संभावना है कि उन्होंने ही खेत पर महेन्द्र और काशीराम पर किसी भारी वस्तु से हमला किया होगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की छानबीन शुरु कर दी है। घटनास्थल का डीआईजी जोगेन्दर सिंह व एसएसपी राजेश एस ने निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया पुलिस की दो टीमें पड़ताल में जुट गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।