“तनाव मुक्त संरक्षित रेल संचालन में लोको पायलट परिवार की अहम भूमिका”

0
7

गुणवत्तापूर्ण विश्राम के महत्व पर लोको पायलट परिवार संगोष्ठी आयोजित

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल अंतर्गत वर्कशॉप ऑडिटोरियम में लोको पायलटों एवं उनके परिवारजनों के लिए एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन की सुरक्षा में लोको पायलट के परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना तथा ड्यूटी से पूर्व गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विश्राम के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) पी.पी. शर्मा तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) झाँसी शिवम श्रीवास्तव की उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर अपने संबोधन में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल ने कहा कि लोको पायलट की जिम्मेदारी अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण होती है। उनका मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य सीधे तौर पर रेल संरक्षा से जुड़ा होता है। जब लोको पायलट को परिवार का भावनात्मक सहयोग प्राप्त होता है तथा उन्हें ड्यूटी से पूर्व पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण विश्राम मिलता है, तो वे अधिक सजगता, दक्षता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर पाते हैं।

संगोष्ठी के दौरान नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से परिवारजनों को यह संदेश दिया गया कि घर का शांत, सहयोगात्मक एवं सकारात्मक वातावरण लोको पायलट के विश्राम की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है। इससे वे तनावमुक्त होकर सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित कर सकते हैं।

कार्यक्रम में लोको पायलटों एवं उनके परिजनों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी जाना गया तथा रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। साथ ही, विश्राम के समय मोबाइल, टीवी अथवा अन्य व्यवधानों से दूर रहने की अपील की गई ताकि पूर्ण विश्राम सुनिश्चित हो सके।

संगोष्ठी के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि यदि लोको पायलट का परिवार सहयोगी एवं जागरूक हो, तो वह भी अप्रत्यक्ष रूप से रेल संरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

इस अवसर पर रनिंग कर्मचारियों के 5 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित हो सके।

कार्यक्रम का संचालन मुख्य लोको निरीक्षक, झांसी एम.के.एस. कुशवाह के निर्देशन में मुख्य ट्रेन लिपिक सुभाष बाबू खत्री एवं रजनीश श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस दौरान उनके द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में “नशामुक्त होकर ड्यूटी करना”, “संकेतों का गहन अवलोकन करते हुए ट्रेन संचालन” तथा “सतर्कता से संबंधित सभी नियमों का शत-प्रतिशत पालन” जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इसके अतिरिक्त, क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोको पायलट (गुड्स) संचित अग्रवाल द्वारा उल्लेखनीय तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ क्रू नियंत्रक, झांसी राजीव अग्रवाल का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here