झांसी। शादी में जा रहे बाइक सवार दम्पति को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गई। घायल पत्नी को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज था।

झांसी जिले के सीपरी बाजार थानान्तर्गत नंदनपुरा निवासी लगभग 54 वर्षीय छक्कीलाल अपनी पत्नी के साथ बाइक से रक्सा क्षेत्र में शिवपुरी मार्ग पर जा रहा था। जैसे ही वह रक्सा थाना क्षेत्र में टोल से निकले तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज भेजा। जहां छक्की लाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि पत्नी की हालत गम्भीर होने पर उसे भर्ती करा दिया गया। पुलिस ने छक्की लाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसके अलावा जिले के मऊरानीपुर थानान्तर्गत ग्राम खरकामाफ निवासी लगभग 24 वर्षीय शोभाराम अपनी बुआ के घर सकरार गया हुआ था। सकरार में जब वह पैदल जा रहा था तभी अज्ञात वाहन उसे टक्कर मार कर भाग गया।  शोभा राम को गंभीर घायलावस्था में झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तीसरी घटना ललितपुर रक्सा हाइवे पर हुई। इस घटनाक्रम में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस घटना में युवक की मौके पर मौत हो गई। टक्कर मार कर वाहन भाग निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।