झांसी। जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर हाईवे पर सवारियों से भरी बस पलट गई। जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दुर्घटना ग्रस्त बस से घायल यात्रियों को निकालकर उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज भेजा।

दरअसल, फतेहपुर से सूरत जा रही बस क्रमांक यूपी 75 एटी 5555 हाईवे पर झांसी जिले में पूंछ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात्रि लगभग ढाई बजे पहुंची। इस दौरान झांसी-कानपुर हाईवे पर बाइपास से गुजरते समय चालक अचानक बस से नियंत्रण खो बैठा। इससे पहले वह नियंत्रण करता बस पलट गई। जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी होते ही थाने की पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत कार्य शुरु करते हुए घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां अब उनकी हालत में पहले से सुधार बताया जा रहा है। घटना का कारण चालक का शराब के नशे में होना बताया जा रहा है।