बीयू कैंपस में दौड़ती THAR ने रिटायर्ड रजिस्ट्रार को रौंदा, स्कूटी को घिसीटते ले गई

0
366

थार चालक आरोपी सिपाही अरेस्ट, निलंबित 

झांसी। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी कैम्पस में शनिवार को 4 पुलिस के जवानों ने THAR गाड़ी के अगले पहिए से स्कूटी सवार रिटायर्ड असिस्टेंट रजिस्ट्रार मनीराम वर्मा (70) को कुचल दिया। लगभग 20 मीटर घिसटने के बाद उनकी स्कूटी भी THAR के नीचे फंस गई। हादसे के बाद THAR को मौके पर छोड़ कर वर्दीधारी सिपाही रफूचक्कर हो गए। सिक्योरिटी गार्डों ने अन्य लोगों की मदद से THAR को पीछे कर मनीराम वर्मा को निकाल कर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनाक्रम की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने THARको कब्जे में ले लिया। बताया गया कि यूनिवर्सिटी के परीक्षा भवन में होमगार्ड का पेपर चल रहा था। वहीं से पुलिसवाले THAR लेकर निकले और कैंपस के अंदर तेज स्पीड में दौड़ा रहे थे।

मूल रूप से एरच थाना क्षेत्र के भदरवारा गांव निवासी मनीराम वर्मा बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में असिस्टेंड रजिस्टार के पद से रिटायर हुए थे। फिलहाल वह परिवार के साथ यूनिवर्सिटी कैंपस में ही रहते थे। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मनीराम वर्मा दुकान से सामान लेने के लिए घर से स्कूटी लेकर निकले थे तभी कैंपस के अंदर परीक्षा भवन की तरफ से तेज गति में आ रही काले रंग की THAR गाड़ी ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। परिजनों के अनुसार गाड़ी में 4 पुलिसकर्मी खाकी वर्दी पहनकर बैठे थे। हादसे के बाद वह गाड़ी को मौके पर छोड़ कर भाग गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बीयू स्टाफ ने गाड़ी को पीछे कर मनीराम को निकाला और मेडिकल कॉलेज ले गये जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर परीक्षा भवन में होमगार्ड परीक्षा का पेपर चल रहा था। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया THAR इसी तरफ से आ रही थी। तेज धमाके की आवाज सुनकर वह लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन, तब तक वर्दी पहने 4 पुलिसकर्मी गाड़ी के अंदर से बैग उठाकर भाग गए। स्कूटी THAR के नीचे फंसी थी। THAR का अगला पहिया मनीराम वर्मा के ऊपर चढ़ा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद THAR को हटाया।

पेपर देने जा रहे पोते ने देखा तो पर समझ नहीं पाया कि दादा पहिए के नीचे हैं 

मनीराम वर्मा के पोते आशीष ने बताया- आज मेरा ललितपुर में होमगार्ड का पेपर था। वह बाइक से पेपर देने जा रहा था। जब परीक्षा भवन के गेट के पास से निकला, तो मैंने THAR के नीचे स्कूटी और एक व्यक्ति को दबा देखा। उनके सिर्फ पैर दिख रहे थे। उसे यह नहीं पता था कि THAR के नीचे उसके दादा जी दबे हैं।वह जल्दबाजी में परीक्षा देने चला गया। जब हंसारी पहुंचा, तब उसके पिता का फोन आया। उन्होंने एक्सीडेंट में दादा की मौत होने की बात बताई। इसके बाद वह पेपर छोड़कर घर लौट आया।

गर्ल्स हॉस्टल की तरफ से भागे पुलिसवाले

आशीष ने बताया- मैंने यह भी देखा कि THAR के पास 4 पुलिसकर्मी खड़े थे। एक पुलिसकर्मी ने जल्दबाजी में गेट खोलकर THAR के अंदर से बैग और सामान उठाया। इसके बाद वे चारों गर्ल्स हॉस्टल के रास्ते से भाग गए। पुलिसवाले बहुत तेज गति में गाड़ी में चला रहे थे। अगर स्पीड कम होती, तो इस तरह से हादसा न होता।

घटना की सूचना पर रजिस्ट्रार ज्ञानेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मनीराम के घरवाले सीसीटीवी दिखाने और पुलिसवालों पर कार्रवाई करने की मांग करने लगे। इसके बाद पुलिस उन लोगों को रजिस्ट्रार ऑफिस ले गई और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

रजिस्ट्रार बोले- उन्होंने डीएम-एडीएम को सूचना दी

यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ज्ञानेंद्र कुमार ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी परिवार के सदस्य मनीराम वर्मा अपनी स्कूटी से जा रहे थे तभी THAR ने उनको टक्कर मार दी। यूनिवर्सिटी की एंबुलेंस से तत्काल उनको मेडिकल कॉलेज ले जाया गया लेकिन, उनकी मौत हो गई। उन्होंने डीएम और एडीएम ने भी कॉल करके पूरे मामले की जानकारी ली है। पुलिस ने मनीराम के घरवालों से शिकायत ली है। यह जांच का विषय है कि THAR को कौन चला रहा था और उसमें कौन कौन वर्दीधारी सवार थे ? यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने सारे सीसीटीवी के फुटेज सुरक्षित करने के निर्देश दिए हैं।

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अंतिम संस्कार का अल्टिमेटम 

पोस्टमार्टम के बाद शाम को घरवाले मनीराम वर्मा के शव को यूनिवर्सिटी कैंपस में बने आवास पर ले गए। घरवालों ने कहा- जब आरोपी ड्राइवर पकड़ा जाएगा उसके बाद ही शव का अंतिम संस्कार करेंगे। लोगों की भीड़ जुट गई। तभी सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद ने उन्हें समझाया। दो दिन में कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन मान गए और वापस घर लौट गए।

SSP बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया आरोपी सिपाही अरेस्ट, निलंबित 

SSP बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि सूचना मिली कि थार गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल मनीराम वर्मा को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। जहां उनकी मौत हो गई। थार और स्कूटी को थाने लाया गया। मामले में केस दर्ज कर जांच की गई। पता चला कि थार को सिपाही रजत चला रहा था। उसको हिरासत में लिया गया है। साथ ही सिपाही रजत को सस्पेंड कर दिया गया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मुकदमे में भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here