झांसी। बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर द्वारा हिन्दू धार्मिक ग्रंथ रामचरित मानस को नफरत फैलाने वाला बताए जाने पर पलटवार करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय भानुप्रताप सिंह वर्मा ने उन्हें मंदबुद्धि निरुपित करते हुए कहा की जो लोग यह बयान दे रहे हैं वह मंदबुद्धि के हैं, उनको मालूम नहीं है कि भारतीय संस्कृति की वजह से आज हिंदुस्तान पूरे विश्व में सर्वोपरि है। विश्व में संस्कृति के नाम पर हिंदुस्तान का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए, जो गलत बयान बाजी करते हैं।

यूपी की शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी ने कहा कि जितनी बुद्धि है उतनी बात कर रहे हैं। ऐसा बयान वही दे सकता है जो रामचरितमानस के बारे में जानता न हो। उनके बयान से साफ हो गया है कि उनके हृदय में न मानवता है और न भगवान हैं। उनके पास जितनी बुद्धि है उतनी ही बात कर रहे हैं। उससे ज्यादा नहीं बोल सकते। गुलाबो देवी ने कहा कि उन्हें पता होना चाहिए कि रामचरित मानस ग्रंथ हमें मानवता, सामाजिकता सिखाता है। हमारे लिए वह ग्रन्थ पूजनीय, वंदनीय व मार्गदर्शन करने वाला है। उक्त दोनों भाजपा के शिक्षक विधायक प्रत्याशी डॉ बाबूलाल तिवारी के नामांकन में शामिल होने के लिए गुरुवार को झांसी आए थे।

गौरतलब है कि बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के रामचरित मानस को नफरत फैलाने वाला कहने की पूरे देश में कड़ी निंदा हो रही है।