– कानून बना कर जनभावनाओं के अनुरूप काशी, मथुरा में भव्य मंदिर बनाने पर जोर

– डॉ संदीप सरावगी के सेवा कार्यों को अद्वितीय बताया 

झांसी। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने जनसंख्या नियंत्रण कानून की जोरदार वकालत करते हुए कहा कि जिस तरह से काश्मीर से धारा 370 को हटाया गया उसी तरह भारत देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनना चाहिए अन्यथा 30-40 वर्ष में हिन्दू अल्पसंख्यक हो जायेंगे और भारत देश अफगानिस्तान बन जाएगा।

ललितपुर के बाद झांसी महानगर के दौरे पर आए श्री तोगड़िया यहां वरिष्ठ समाजसेवी, संघर्ष सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ० संदीप सरावगी के कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि देश में निरंतर नफरत बढ़ रही है इसका उदाहरण श्रद्धा के शरीर के टुकड़े, कन्हैया का सर तन से जुदा आदि हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि लव जिहाद विरोधी कानून बनना चाहिए। उन्होंने बताया कि वह महिलाओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग के साथ 6 इंच की कटार दे रहे हैं। पठान फिल्म के विवाद पर उन्होंने कहा कि वह खान की मार्केटिंग नहीं करेंगे, सरकार के पास सेंसर बोर्ड है, विवादित हिस्सों पर कैंची चलाए। इससे खान की मार्केटिंग भी नहीं होगी और समस्या का समाधान हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद काशी, मथुरा में जनभावनाओं के अनुरूप भव्य मंदिर सरदार पटेल की भांति कानून बना कर किया जाए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हिन्दू हित के लिए किसी भी हिन्दू संगठन से मिल कर काम करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह अति समृद्ध, सुरक्षित, सम्मानित हिन्दू का लक्ष्य लेकर निकले हैं। इसके अगले चरण में सबको आवास, सस्ती शिक्षा, रोजगार, क़र्ज़ मुक्त किसान, मुफ्त चिकित्सा की व्यवस्था है।

इस दौरान डॉ तोगड़िया ने संघर्ष सेवा समिति द्वारा किए गए सेवा कार्यों की खुलकर सराहना की एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डॉ संदीप सरावगी द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा समाजसेवी पूरे देश में नहीं देखा। समाज सेवा के साथ धर्म की सेवा का कार्य संघर्ष सेवा समिति अद्वितीय रूप से कर रही है।

प्रवीण तोगड़िया ने कहा देश में इस तरह के सनातन संस्कृति के रक्षक खड़े हो जाएं तो पूरे विश्व में सनातन संस्कृति का परचम लहराएगा। किसी भी देश को उन्नति पर लाने के लिए जितनी आवश्यकता विकास की है उतनी आवश्यकता राष्ट्र निर्माण की भी है विकास के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्यों पर भी जोर दिया जाना चाहिए। पिछली सरकारों में सनातन संस्कृति पर कई बार कुठाराघात किया गया है लेकिन वर्तमान में स्थितियों में कुछ सुधार आया है। युवाओं में धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ी है, धार्मिक मामलों में अब लोग रुचि दिखाने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में महिलाओं के प्रति होने वाले घोर अपराधों के कुछ मामले सामने आए हैं जिस पर सरकार को कठोर से कठोर कदम उठाना चाहिए और जनता को आश्वस्त कराना चाहिए कि आगे से इस प्रकार की घटनाएं ना हो। उन्होंने बताया कि उनका संगठन पूरे देश में 5 करोड़ घरों में जाकर उनकी समस्यायों की जानकारी लेंगे इसके साथ ही उन्हें हिन्दू हेल्पलाइन का नंबर भी देंगे। उन्हें मुफ्त चिकित्सा, मुफ्त अधिवक्ता की सुविधाएँ भी देंगे। राम मंदिर के बाद उनके संगठन का अगला उद्देश्य समृद्ध सुरक्षित हिन्दू तैयार करना है, हमने 92003 स्थानों पर नवरात्र के समय हमने कन्या पूजन शस्त्र पूजन और चंडी पाठ का भी आयोजन किया है जिससे लोगों में महिला के प्रति सम्मान जागृत हो एवं महिलाएं भी सशक्त हो सकें। शासन और प्रशासन के साथ हर नागरिक का उद्देश्य होना चाहिए कि वो देश के विकास में योगदान दे महिलाओं की सुरक्षा तब होगी जब हर नागरिक सड़क पर निकलने वाली हर महिला को अपने परिवार के सदस्य की तरह देखेगा।