शिक्षक / स्नातक एमएलसी चुनाव की सभी सीट जीतने का दावा 

Jhansi उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में स्नातक और शिक्षक एमएलसी के सभी पांचों सीटों पर चुनाव भाजपा प्रत्याशी ही जीतेंगे। उन्होंने शिक्षकों से प्रत्याशी डॉ बाबूलाल तिवारी को बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।

श्री मौर्य विधान परिषद सदस्य के लिए इलाहबाद-झांसी शिक्षक चुनाव 2023 के चलते शिक्षक सम्मेलन में भाग लेने झांसी पहुंचे थे। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों से मिलने के बाद मीडिया को सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि इस समय भाजपा के पक्ष में पूरा देश खड़ा हो रहा है। भाजपा के प्रति लोगों के बढ़ते समर्थन से सपा, बसपा और कांग्रेस के नेता बौखला गए हैं। जनता सब समझती है कि उनको किसने लूटा है, किसके शासन में गुंडागर्दी और दंगे होते थे, किसने भ्रष्टाचार किया और कौन विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सही फैसला तो जनता की अदालत में होता है। जनता की अदालत से 4 बार फैसला आ चुका है. अगर उनको (विपक्षियों को) अब भी समझ में नहीं आया तो 2024 के चुनाव में फिर पांचवा फैसला आएगा। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का सबका साथ सबका विकास पर जबरजस्त समर्थन पार्टी को मिल रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने स्वामी प्रसाद मौर्या के अनर्गल बयानबाजी के पीछे सपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हाथ बताया। उन्होंने स्वामी प्रसाद को अंगारे की उपाधि देते हुए कहा कि अखिलेश यादव समझते हैं कि उनके दोनों हाथों में लड्डू है। लेकिन उनके हाथ में लड्डू है या फिर अंगार यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मामले पर कहा कि बागेश्वर धाम पर चल रहा दिव्य दरबार स्वागत योग्य है, इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं भी रामराजा सरकार का भक्त हूं। मां पीतांबरा देवी का भक्त हूं, श्रीराम मंदिर निर्माण का सिपाही हूं लेकिन यह मेरा स्वयं का मामला है और भारत में प्रत्येक व्यक्ति को किसी भी धर्म विशेष को अपनाने की स्वतंत्रता है। दबाव बनाने की स्वतंत्रता नहीं है।

डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर पूछे गए सवाल पर कहा कि ये चाचा भतीजे एक थे। ये 2014 के लोकसभा चुनाव में भी एक थे और 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी थे वहीं, 2019 में ये अलग हो गए और 2022 में एक हो गए। ये लोग अपने परिवार को ही बचा लें, वही बहुत है। वही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह को पद्म विभूषण सम्मान दिये जाने पर टिप्पणी करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य को जवाब देते हुए कहा कि उनसे पूछना चाहता हूं कि 10 वर्ष तक सपा के समर्थन से सरकार रही है। राममनोहर लोहिया को कोई भी सम्मान ये दिला सके क्या? भाजपा ने मुलायम सिंह को जनसेवक के नाते यह सम्मान दिया है। इस मामले में अनर्गल बयानबाजी करने वालों को भगवान सद्बुद्धि दे। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

वित्तविहीन शिक्षक गुट के प्रत्याशी अशोक राठौर के भाजपा में शामिल होने से एक दिन पहले के वीडियो पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह बीती बात है। यह सब चुनाव में चलता रहता है। वहीं इस मामले पर अशोक राठौर ने कहा कि आज वह और उनके सहयोगी बाबूलाल तिवारी के साथ पूरी तरह से है। इस दौरान भाजपा की प्रदेश मंत्री/चुनाव की बुंदेलखंड प्रभारी प्रियंका रावत, शिक्षक नेता अशोक राठौर, राज्य मंत्री मनोहर लाल पंत, प्रत्याशी डॉ बाबूलाल तिवारी आदि मोजूद रहे।