राष्ट्र भक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अरजरिया पहुंचे, नये घंटा व कलश स्थापित 

 

Jhansi. जनपद के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत काशीराम कॉलोनी स्थित खाती बाबा और दुर्गा जी के मंदिर से कलश, घंटा व दान राशि चोरी से सनसनी मच गई। सूचना मिलने पर राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अरजरिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बताया गया है कि सोमवार/मंगलवार की रात्रि में काशीराम कॉलोनी स्थित दुर्गा व खाती बाबा मंदिर से चोर मंदिर से कलश, घंटा, दान पेटी में रखे रुपए चुरा ले गए। घटनाक्रम की जानकारी सुबह तब हुई जब भक्त पूजा करने पहुंचे। इस पर आक्रोश फैल गया। काशीराम कॉलोनी के राष्ट्र भक्त संगठन के कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय अध्यक्ष अंचल अरजरिया को घटना की जानकारी दी।

इस पर अंचल अरजरिया ने तुरंत ही एसपी सिटी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाना सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी व चोरी गई सम्पत्ति को बरामद कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल भक्तों का आक्रोश देखते हुए नए कलश, घंटे मंगवा कर मंदिर में स्थापित करवा दिए गए हैं। केन्द्रीय अध्यक्ष अंचल अरजरिया के आश्वासन पर भक्त शांत हो गये और समस्या का निवारण हुआ। इस दौरान मौके पर राहुल, दीपक वर्मा, गोविंद शर्मा, प्रदुम पांचाल, पवन गोस्वामी, शिवा, अभिषेक, विकास, भरत पाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।