चाची बोली- पेट में दर्द रहता था
झांसी। जिले के गुरसरांय कस्बे में रेंज चौराहा क्षेत्र में सोमवार को 12वीं कक्षा की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। उसे एक दिन पहले ही पढ़ाने के लिए चाचा-चाची अपने साथ गांव से लेकर आए थे। सोमवार को चाचा-चाची के काम पर जाते ही छात्रा ने कमरे में दुपट्टा से गले में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
परिजन का कहना है कि छात्रा पेट दर्द से बहुत परेशान रहती थी। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका का नाम रिचा राव (19) पुत्री अजय कुमार था। वह झांसी के एरच थाना क्षेत्र के खडैनी गांव की रहने वाली थी और 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसके चाचा अमन और चाची रोहिणी गुरसराय में किराए के मकान में रहकर प्राइवेट जॉब करते हैं। रविवार को चाचा-चाची गांव गए थे। वहां से दोनों भतीजी रिचा को पढ़ने के लिए अपने साथ ले आए थे।
सोमवार सुबह चाचा-चाची अपने काम पर चले गए। कमरे पर रिचा अकेली थी। चाचा-चाची उसे पढ़ते हुए छोड़ गए थे। इसके बाद रिचा ने कमरा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक रिचा कमरे से बाहर नहीं निकली तो संदेह होने पर मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया। नहीं खोलने पर खिड़की से देखा तो रिचा फंदे पर झूल रही थी। सूचना पर चाचा-चाची पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को नीचे उतारा।
मृतका की चाची रोहिणी का कहना है कि मेरी भतीजी रिचा के पेट में दर्द रहता था। आज सुबह रिचा कोचिंग से कमरे पर आई तो उसे पढ़ते हुए छोड़ गए थे। पेट दर्द से परेशान होकर उसने सुसाइड कर लिया। रिचा का एक भाई झांसी में पढ़ता है। पिता खेती किसानी करते हैं।
पुलिस का कहना है कि छात्रा के पास मोबाइल नहीं मिला है। परिवार के लोग सुसाइड का स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।











