आईपीएल सट्टा : फोन काल से ट्रेस हुई थी भाजपा नेता आशीष की लोकेशन, दिल्ली से दबोचा

0
270

अन्य वांछितों को भी तलाश रही पुलिस

झांसी। आईपीएल सट्टा मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए लुकाछिपी कर रहे भाजपा किसान मोर्चा के कोषाध्यक्ष एवं सहकारिता बैंक निदेशक आशीष उपाध्याय को झांसी पुलिस ने नई दिल्ली के चाणक्यपुरी से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने दिल्ली में अपने एक परिचित के यहां शरण ले रखी थी। पीछा कर रही झांसी पुलिस ने लोकेशन मिलने पर दिल्ली पहुंच कर गिरफ्तार कर लिया और शुक्रवार देर रात झांसी ला कर पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि नवाबाद पुलिस ने बुधवार को आईपीएल के एक बड़े सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तिलयानी बजरिया निवासी शुभम उपाध्याय, सिंधी कॉलोनी निवासी विजय बाधवा एवं बड़ागांव गेट निवासी नितिन अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ करने पर पुलिस को भाजपा नेता आशीष उपाध्याय समेत पार्षद पति पप्पू निवासी उन्नाव गेट, पंकज राय, सौरभ लिखधारी, सोनू चड्ढा, हरीश कुमार, आकाश चंचलानी, सुमित साहू एवं रोशन मुंशी का नाम पता चला। इसके बाद से आशीष उपाध्याय भूमिगत हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

आशीष का सुराग लगाने एसओजी एवं सर्विलांस टीम तकनीक की मदद ले रही थी। जांच में पता चला कि कुछ नंबरों पर आशीष लगातार बात कर रहा था। इससे पुलिस को उसकी दिल्ली की चाणक्य पुरी में मौजूदगी का सुराग मिल गया। पुलिस टीम ने दिल्ली पहुंच कर उसे दबोच लिया और देर रात आशीष को झांसी में नवाबाद थाने लाया गया।

एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि इस मामले के अन्य सभी पहलुओं को जानने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अन्य वांछितों को भी तलाशा जा रहा है।

सूत्रों की मानें तो नाम प्रकाश में आने पर आशीष झांसी पुलिस को चकमा देकर ट्रेन से दिल्ली भाग निकला था ।दिल्ली से ही उसने झांसी में आत्मसमर्पण के लिए याचिका भी दाखिल कर दी। जिन मोबाइल नंबरों के सहारे आशीष बात कर रहा था, सर्विलांस की मदद से पुलिस को इसकी भनक लग गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here