झांसी। जिले के रक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरुआपुरा में होलिकोत्सव पर बुधवार को शराब पार्टी के दौरान दो भाइयों में हुए झगड़े में घायल एक भाई की इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने अपने जेठ पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि जमीन के हिस्से को लेकर पति का अपने भाई से विवाद चल रहा था।

झांसी के रक्सा के ग्राम बरुआपुरा निवासी राजकुमार अहिरवार (36) होली पर अपने बड़े भाई और एक अन्य के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों भाइयों में झगड़ा हो गया। परिवार के लोगों ने किसी तरह विवाद को शांत कराया। इसके बाद रात में राजकुमार को खून की उल्टी होने लगीं। इस पर स्थानीय डॉक्टर को दिखाया। हालत बिगड़ने पर परिजन गुरुवार को मेडिकल कॉलेज ले आए। यहां इलाज के दौरान राजकुमार की मौत हो गई।

इस मामले में मृतक की पत्नी देवी ने आरोप लगाया कि राजकुमार ने कुछ समय पहले नई बाइक ली थी। भाई व उसका साथी एक दिन उसकी गाड़ी मांग कर ले गए थे, जिसे अब वह वापस नहीं कर रहे थे। इसके अलावा भाई राजकुमार को जमीन में भी हिस्सा नहीं दे रहा था। इसी विवाद में बुधवार को उसके साथ मारपीट की गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला ने पति के भाई व एक अन्य व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।