होली पर घर से निकला था, फिर वापस नहीं लौटा

झांसी। झांसी की बरुआसागर थाना पुलिस को शुक्रवार की शाम बेतवा नदी में मप्र के शिक्षक की लाश मिली थी। शव के कपड़ों में मिले आधार कार्ड के जरिए मृतक की शिनाख्त कर शिवपुरी पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जानकारी होने पर मृतक के परिजन झांसी पहुंच गए। उन्होंने शव की शिनाख्त की।

बताया गया है कि मध्यप्रदेश के शिवपुरी के आरके पुरम कॉलोनी निवासी राजीव श्रीवास्तव (48) बुधवार को होली खेलने घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजन उनकी लगातार तलाश करते रहे और पुलिस को भी सूचना दी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मृतक राजीव कुमार श्रीवास्तव सरकारी स्कूल में अध्यापक थे। उनकी पत्नी ममता भी अध्यापक हैं। राजीव के बेटे सुयेश श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पिता की किसी से दुश्मनी नहीं थी। वह झांसी कैसे पहुंचे इस बारे में परिजनों को कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।