#Jhansi हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, पति की मौत, पत्नी गंभीर 

0
29

झांसी। जिले के पूंछ थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 27 पर शुक्रवार सायं खड़े ट्रक में तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। इस हादसे में सड़क पर गिरे युवक की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों शादी में काम करके बाइक से घर लौट रहे थे तभी यह घटना हो गई। मौके पर पहुंचे लोग दोनों को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन पति की रास्ते में ही मौत हो गई। पत्नी की हालत नाजुक बनी है। उसे मोंठ सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक सुनील अहिरवार (40) झांसी से सटे मध्यप्रदेश के कुमर्रा गांव का रहने वाला था और वह शादियों में वेटर का काम करते थे। दो दिन पहले वह एक शादी में काम करने उरई गया था। साथ में वह अपनी पत्नी शिवकुमारी को भी ले गया था।

दोनों वहां काम करके शुक्रवार शाम को बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों जब पूंछ थाना क्षेत्र के बेरियल चुंगी के पास पहुंचे तभी अचानक बाइक बेकाबू होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में सुनील और शिवकुमारी घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों घायलों की स्थिति नाजुक थी। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को मोंठ सीएचसी पहुंचाया, जहां सुनील अहिरवार को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, सुनील की पत्नी शिवकुमारी की हालत नाजुक थी।

सुनील की मौत के बाद से घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुनील ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका 10 साल का एक बेटा विशाल है, जो 5वीं कक्षा में पढ़ता है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here