हत्यारोपी गिरफ्तार, चार नामजद बेदाग निकले

झांसी । जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में  गोपालपुर में लगभग चार माह पूर्व हुए पिता-पुत्र की हत्या के पीछे अवैध संबंधों की रंजिश सामने आई। पुलिस ने दोहरे हत्या काण्ड का खुलासा करते हुए एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में इस मामले में नामजद चार आरोपी बेदाग साबित हुए।

यहां पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक-नगर ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि 20 नवंबर 2022 को थाना सीपरी बाजार के गांव गोपालपुर में खेत पर सो रहे पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में पुत्र महेंद्र अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गयी थी जबकि उसका पिता कांशीराम अहिरवार गंभीर घायल हो गया था। कांशीराम को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गयी थी।
घटना के बाद परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस की जांच में चारों नामजद आरोपी निर्दोष निकले जिसके बाद असली हत्यारे की तलाश में पुलिस जुट गयी। कल देर रात एसपी सिटी और सीओ सिटी के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने ग्वालियर रोड हाईवे से संदिग्ध युवक राजकुमार अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजकुमार ने स्वीकारा कि महेंद्र अहिरवार और उसके पिता कांशीराम अहिरवार की हत्या उसने ही की थी।

आरोपी ने बताया कि महेंद्र अहिरवार के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे और इस कारण गांव में उसकी काफी बदनामी भी हो रही थी। उसने महेंद्र को इस बारे मे समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं माना। इस तनाव से परेशान आकर उसने महेंद्र की हत्या की योजना बनायी, लेकिन जब वह रात में खेत पर महेंद्र की हत्या करने गया तो उसका पिता कांशीराम भी वहां था इसलिए उसने दोनों की ही डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने राजकुमार की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया गया है।