झांसी। गुरुवार को बरुआसागर के लक्ष्मणपुरा निवासी मुन्ना अहिरवार की 28 वर्षीय विवाहिता पुत्री ऋचा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति से विवाद के बाद वह लगभग दो साल से मायके में रह रही थी।

बताया गया है कि ऋचा की शादी मसीहागंज निवासी रविंद्र से हुई थी। आरोप है कि पति नशे का आदी था और शादी के बाद से ही ऋचा को परेशान करने लगा था। पिछले दो वर्षों से ऋचा अपने बेटे समर और बेटी राधिका के साथ मायके में रह रही थी। घर खर्च चलाने के लिए वह सब्जी की दुकान खोले हुए थी।

हमेशा की तरह बुधवार की रात वह अपने कमरे में सोने चली गईं जबकि, बच्चे नाना-नानी के साथ सो रहे थे। सुबह बेटी राधिका मां के पास पहुंची तो वह फंदे पर लटकी मिली। आशंका व्यक्त की जा रही है कि पति से विवाद की वजह से उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।