डा रघुवीर चौधरी को हटा कर सतीश जतारिया को बनाया मेयर पद का प्रत्याशी 

झांसी। सपा ने भले ही जिस तरह अन्य पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए झांसी मेयर की सीट जिस तेजी से प्रत्याशी घोषित किया गया था उसी तेजी से रातोंरात प्रत्याशी बदल दिया है। अब सपा ने सतीश जतारिया पर विश्वास जताया है।

दरअसल, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने झांसी समेत 8 नगर निगम सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सूची जारी कर दी थी। जबकि अन्य पार्टियों में अभी चिंतन मनन की स्थिति है। उन्होंने इस पहली सूची में झांसी नगर निगम सीट से समाजवादी पार्टी ने डॉ रघुवीर चौधरी को अपनी पार्टी से मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया था।

जबकि समाजवादी पार्टी में मेयर पद की दावेदारी ठोकने वाले करीब आधा दर्जन लोग थे। इनमें सतीश जतारिया प्रवल दावेदार समझे जा रहे थे। इनके अलावा सपा के प्रवक्ता संदीप वर्मा, विजय झांसिया, विजय श्रीवास व राहुल माल्या आदि ने मेयर पद के लिए दावेदारी ठोकी थी। इन सभी को दरकिनार कर समाजवादी पार्टी ने डॉ रघुवीर चौधरी को उपयुक्त समझते हुए उन्हें मेयर पद का उम्मीदवार बना दिया। जब झांसी के नेताओं ने डा रघुवीर चौधरी पर आपत्तियां दर्ज कराई तो सपा आलाकमान ने अपने निर्णय को रातोंरात बदल दिया।

प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल द्वारा जारी की गई दूसरी सूची में डा रघुवीर चौधरी के स्थान पर सतीश जतारिया को झांसी मेयर पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया। प्रत्याशी बदलाव के बाद अब देखना यह है कि झांसी नगर निगम में कभी भी विजय हासिल न कर पाने वाली सपा इस बार सतीश जतारिया के बूते कुछ करिश्मा दिखाती या नहीं।