समथर नगर पालिका अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी का नाम मतदाता सूची से गायब, दूसरा बदला
झांसी। उम्मीद के विपरीत खुशियां झोली में गिरीं तो वह झूम उठी तो सभी कह उठे इसे कहते हैं किस्मत का चमत्कार। ऐसा नजारा सोमवार को झांसी जिले के समथर में देखने को मिला। जिले की समथर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने जिन्हें प्रत्याशी घोषित किया, उनका नाम मतदाता सूची से ही गायब था। प्रत्याशी के नामांकन की तैयारियों की बीच जैसे ही पार्टी को इसकी जानकारी हुई, तो आनन-फानन में नामांकन के अंतिम दिन दूसरा प्रत्याशी घोषित करके नामांकन कराया गया।
दरअसल, रविवार को भाजपा ने नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इसमें समथर नगर पालिका से चंद्रशेखर पाल को भाजपा ने टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार दिया। पार्टी की तरफ से घोषित प्रत्याशी की नामांकन की तैयारी शुरू हो गई। नामांकन प्रक्रिया के दौरान जब मतदाता सूची खोजी गई तो भाजपा प्रत्याशी का नाम गायब था। इससे अफरातफरी मच गई क्योंकि अगर प्रत्याशी का नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो वह चुनाव नहीं लड़ सकता है। ऐसे में आनन-फानन में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।
जनपद के नेताओं ने मामले की सूचना प्रदेश नेतृत्व को दी। इसके बाद पार्टी की तरफ से देवेंद्र सिंह कंसाना को प्रत्याशी घोषित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद देवेंद्र ने ही सोमवार को भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हालांकि लोगों में इस बात को लेकर आश्चर्य है कि चंद्रशेखर पाल ने पिछले निकाय चुनाव में उन्होंने मतदान किया था। ऐसे में उनका नाम मतदाता सूची में होना चाहिए था। यह कैसे हुआ मतदाता सूची की गड़बड़ी पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है।











