बड़े बड़े माफियाओं की कमर टूटने से जनता खुश है

झांसी। डिप्टी सीएम उप्र सरकार केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी में सोमवार को निकाय चुनाव सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि 13 मई सपा, बसपा, कांग्रेस गई। उन्होंने कहा की नगर निगम और नगर निकाय चुनाव में भाजपा के सभी प्रत्याशियों को भारी मतों व आशीर्वाद देकर विजयी बनाएं और अपने अपने क्षेत्रों का चहुमुखी विकास कराएं। उन्होंने जनता से केंद्र और प्रदेश की इस डबल इंजन की सरकार को ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि झांसी नगर निगम व नगर निकाय की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। हमारी सरकार का एक ही लक्ष्य है सिर्फ विकास कराना। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सभी प्रत्याशियों को जीत मिलेगी और विकास ही विकास होगा।

उन्होंने कहा कि मैंने जब भी जनता से जो मांगा तो जनता ने मेरी झोली खाली नही की हमेशा भरकर दी है। एक लाख वोटों से नगर निगम महापौर सीट और पार्षद पद के प्रत्याशियों को जीत दिलाना है। टिकट चाहे जिसे मिला है, कमल का फूल जरूर खिलाना है यह संदेश जनता मतदान के दिन बता दे। उन्होंने दावा किया कि यूपी के 17 के 17 नगर निगम जीतने जा रहे हैं। आपके वोट को सरकार कर्ज मानेगी और इस जनता के कर्ज को सरकार विकास से लौटाएगी। सपा, बसपा कांग्रेस सभी को पीछे छोड़ कर भाजपा आगे बढ़ रही है। नगर निगम, नगर निकाय में कमल का फूल खिलने वाला है। 2017 से पहले जो बुंदेलखंड की स्थित थी। उसके बाद भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने वह बुरी स्थिति समाप्त कर दी।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम बनाएंगे। जो मन में ठाना है वह करके दिखाना है। जनता की सेवा में भाजपा कोई कमी नही छोड़ेगी। चार मई को मतदान के बाद भी भाजपाई को जनता के बीच आशीर्वाद लेने जाना है। नौ दिन चुनाव के नवरात्रि की तरह मनाओ और कार्यकर्ता पदाधिकारी सभी मिलकर इस चुनाव में लग जायेंगे तो मुझे विश्वास है यह एक बड़ा जीत का रिकॉर्ड होगा। उन्होंने कहा की चुनाव के बाद मतगणना 13 मई को है, उन्होंने कहा की 13 मई सपा, बसपा, कांग्रेस गई। 2024 में लोकसभा में भी सूपड़ा साफ करेंगे इनका । उन्होंने कहा कि टिकट चाहे जिसे मिला है, कमल का फूल जरूर खिलाना है है। इस दौरान उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त, रोजगार, अपराध की रोकथाम सहित उनकी योजनाओं परियोजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा की सपा का चरित्र जनता जानती है, अपराधियों को राजनीति में लाने वाली समाजवादी पार्टी है, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली बसपा है। भाजपा पार्टी ने माफियाओं की कमर तोड़ने का काम किया, भ्रष्टाचार मुक्त कराने का कार्य किया। 2047 तक हिंदुस्थान के कोने कोने में रामराज्य दिखाई देगा। मोदी सरकार में देश की सभी सीमाएं सुरक्षित है देश की सेना के हाथ में देश की सीमा है।

सभा को महापौर प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य ने भी संबोधित किया। सभा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, प्रदेश की कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी बेबी रानी मौर्य, सांसद अनुराग शर्मा, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जमुना कुशवाहा, संजीव श्रृंगी ऋषि सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहे।