आईपीएल का ग्रहण : सुसाइड से पहले 1.02 मिनट के वीडियो में सुनाई दास्तान 

0
23

सट्टे में तीन लाख गंवाने से दुखी युवक ने दी जान

झांसी। आईपीएल के सट्टे में तीन लाख रुपये गंवाने से अवसाद में आए मप्र के शिवपुरी के दिनारा निवासी अमन भार्गव (27) ने जहर निगल कर खुदकुशी कर ली।आत्महत्या से पहले उसका बनाया वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। वह झांसी के सटोरियों का नाम लेते हुए उनको अपनी मौत का जिम्मेदार ठहरा रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मृतक दिनारा गांव निवासी अमन पढ़ाई करने के बाद परिवार के काम में हाथ बंटाता था। पिता हेमंत नगर पंचायत में नौकरी करते हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों की संगत में आने से वह सट्टेबाजी में फंस गया। कर्ज लेकर आईपीएल में सट्टा लगाने लगा लेकिन, करीब तीन लाख रुपये वह हार गया। जिनसे कर्जा लिया, वह उसे परेशान करने लगे। अक्सर तकादे के लिए सूदखोर घर आने लगे। इससे अमन परेशान रहने लगा था क्योंकि उसके पास कर्ज चुकाने के लिए धन नहीं था।

रविवार शाम घर से निकल कर कुछ दूर बने डाक बंगला पर पहुंचा और यहां उसने जहर निगल लिया। उसने फोन करके अपने दोस्तों को जहर निगलने की बात बताई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अचेत हाल में रविवार रात उसे मेडिकल अस्पताल लेकर आए। डॉक्टरों ने उसके जहर निगलने की पुष्टि की। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। सोमवार देर-रात उसकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया।

सट्टे में फंसाया, लाखों हारा, तीनों मेरी मौत के जिम्मेदार
मंगलवार को सोशल मीडिया पर अमन का 1.02 मिनट लंबा वीडियो वायरल हुआ। अमन खुद को कर्ज में फंसा बताते हुए यह कहते सुनाई पड़ रहा है कि राहुल राजपूत, शिवम यादव और जीतू ने बहला फुसलाकर सट्टे के खेल में उसे फंसा दिया। वह करीब तीन लाख रुपये हार चुका है। अब उस पर कर्जा हो गया है। इसे वह चुका नहीं पा रहा है। इस वजह से जान दे रहा है। उसकी मौत के लिए यह तीनों जिम्मेदार हैं। वीडियो में उसने यह भी कहा कि सारे सबूत उसके मोबाइल में सुरक्षित हैं। सट्टेबाजी के आरोप में पुलिस जीतू एवं शिवम यादव को तलाश रही है। यह दोनों भी काफी समय से पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस अब वीडियो के आधार पर छानबीन कर रही है।

इस मामले में थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि जहर निगलने से मौत की पुष्टि हुई है। वीडियो की जांच कराई जा रही है।

चार साल पहले हुई थी शादी
अमन परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों ने करीब चार साल पहले उसकी शादी पड़ोस के गांव की रहने वाली शिवानी से की थी। दंपती को तीन साल का बेटा है। उसकी मौत की खबर लगते ही पत्नी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां रोते हुए अचेत हो गई। पिता के भी आंसू नहीं थम रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here