मुख्य अतिथि पूर्व सांसद चन्द्रपाल सिंह की उपस्थित में बुंदेलखंड के 21 जोड़ों का नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश
झांसी। जिले के रक्सा क्षेत्र के एक युवा आशीष यादव ने वह कर दिखाया जो बुंदेलखंड में कहीं व कभी नहीं हुआ, इस अद्भुत कार्यक्रम की सभी जगह तारीफ हो रही है, समाज से दहेज प्रथा जैसी कुरुतियों को खत्म कर फिजूल खर्ची से बचाने के लिए उन्होंने रक्सा के परासई में विशाल भव्य सामूहिक आदर्श विवाह समारोह आयोजित कर बुंदेलखंड के ग्रामीण क्षेत्र की 21 बेटियों के हाथ पीले करवाये। इतना ही नहीं सम्पन्न परिवार से होने के बाद भी युवा समाज सेवी आशीष सरपंच ने सोनाली यादव के साथ सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अपना विवाह भी रचा कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम परासई में हनुमान मंदिर प्रांगण में यह आयोजन किया गया था। जिसमें 8 दिन तक कथावाचक अनुराग मुनि द्वारा भागवत कथा का श्रवण कराया गया। इसके साथ ही 6 मई को विशाल सामूहिक विवाह समारोह आयोजित कर सैंकड़ों गणमान्यों की मौजूदगी में आशीष यादव सरपंच द्वारा 21 कन्याओं के विवाह का संकल्प भी पूरा किया। सभी जोड़ों का धूमधाम और सनातन रीति रिवाज के साथ विवाह सम्पन्न हुआ, फेरे लेते समय सभी ने एक दूसरे का साथ सात जन्मों तक निभाने का वादा किया।
इस समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व सपा के वरिष्ठ नेता चन्द्रपाल सिंह यादव ने सभी जोड़ों को आर्शीवाद दिया और दूल्हा बने आयोजक आशीष की इस पहल को खूब सराहा।
कार्यक्रम में बुन्देली गायक राजेन्द्र गुर्जर व उनके साथियों के बुन्देली गायन चार चांद लगा दिए। विवाह समारोह में आसपास के क्षेत्र से दर्जनों दूल्हा दुल्हन पहुंचे थे। एक साथ सभी सजे धजे जोड़ों के विवाह समारोह को देखने के लिए आसपास के गांवों के हजारों लोग उमड़ पड़े। सभी ने भण्डारे का प्रसाद ग्रहण कर जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए आयोजक आशीष यादव की सराहना की
“साहू जागरण न्यूज़” से बात करते हुए आशीष सरपंच ने बताया कि गांव के किसान अपनी बेटियों की शादी के लिए काफी परेशान रहते हैं। इसको देखते हुए उन्होंने सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जो निम्न वर्ग के परिवारों के लिए वरदान साबित होते हैं।
दुल्हन सोनाली यादव ने बताया कि वह इस सामूहिक विवाह समारोह का हिस्सा बन कर बेहद खुश हैं, उन्हें आशीष व उनके परिजनों पर गर्व है।
इस मौके पर महादेवी कोमल सिंह, बहादुर इमलिया, धर्मेन्द्र यादव, अजय यादव, लला गुर्जर, संतोष पाल, प्रिंस यादव, जितेंद्र, दीपेन्द्र, मानसिंह यादव, लवकुष सहित बड़ी संख्या में गणमान्य कार्यक्रम में शामिल हुए।











