झांसी। 12 वर्ष पहले जिससे लव मैरिज की वही दूसरी औरत के चक्कर में बेवफा होकर वर्षों का प्यार भूल गया। पत्नी ने पति का प्यार पाने के बहुतेरे प्रयास किए, किंतु सफलता नहीं मिल सकी। पति की बेवफाई बर्दाश्त नहीं कर पाई तो सोमवार की सुबह मौत को गले लगा लिया।

झांसी के थाना चिरगांव क्षेत्र अंतर्गत कुम्हर्रा गांव निवासी प्रियंका वर्मा का 12 साल पहले तैंदौल निवासी वरुण कुमार वर्मा से प्यार हुआ और दोनों ने लव मैरिज कर ली। शादी के बाद कुछ वर्षों तक पति पत्नी के बीच पारिवारिक जीवन सुखद रहा। इस दौरान प्रियंका के तीन छोटे-छोटे बच्चे बेटी आराध्या, आन्या और बेटा अनिरुद्ध दोनों की जिंदगी में खुशियां लेकर आए। सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन, कोविड के दौरान प्रियंका को मालूम चला कि वरुण के हंसारी निवासी एक महिला से संबंध हैं।
इस पर पति पत्नी के बीच तीसरी को लेकर झगड़ा होने लगा। प्रियंका ने कई बार पति वरुण को समझाने की कोशिश की लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। प्रियंका के एतराज जताने पर वह उसकी पिटाई तक कर देता था। परेशान होकर उसने महिला थाने में गत वर्ष शिकायत कराई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे बुलाया। इसके बाद वरुण ने पत्नी से समझौता कर लिया।
इसके बाद भी वरुण फिर चोरी छुपे उस महिला से मिलने लगा। इसकी जानकारी लगने पर प्रियंका मानसिक तौर पर परेशान रहती थी। इसी को लेकर दोनों के बीच रविवार रात को विवाद हुआ। इसके बाद प्रियंका अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तब उसके फांसी लगाने की बात मालूम चली। सोमवार सुबह ससुराल वालों ने फोन करके प्रियंका के फांसी लगाने की सूचना दी।
प्रियंका की मौत के बाद परिजन भी पहुंच गए। इस मामले में भाई विवेक का कहना है कि 12 साल पहले प्रियंका ने लव मैरिज किया था। विवेक का कहना है कि वरुण भाजपा का स्थानीय नेता है। प्रियंका के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। 10 साल की बेटी आराध्या, सात साल की बेटी आन्या और डेढ़ साल का बेटा अनिरुद्ध है। प्रियंका के पिता की मौत हो चुकी है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।