झांसी। मंगलवार को खैलार में सड़क पर खड़े ट्रक से टक्कर में बाइक सवार अपने अपने परिवार के इकलौते चिरागों की मौत हो गई। इस हादसे में एक लड़के के माता-पिता गंभीर रूप से घायल हैं। मां को हालत चिंताजनक होने पर झांसी से ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

बताया गया है कि ललितपुर के डगरपुर गांव निवासी बादाम सिंह राजपूत झांसी के प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत बिजौली में एक साबुन फैक्ट्री में काम करते हैं। बादाम की पत्नी निराशा के मामा की बेटी की शादी पाली पलींदा में थी। शादी में शामिल होने के लिए बादाम सिंह, उसकी पत्नी निराशा, 5 वर्षीय इकलौता पुत्र अनुराग और 5 वर्षीय भतीजा दिव्यांश राजपूत पाली पलींदा गए थे। शादी में शामिल होने के बाद मंगलवार को यह सभी बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में खैलार गांव के पास सड़क पर खड़े ट्रक में उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में अनुराग और दिव्यांग की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बादाम और उनकी पत्नी निराशा घायल है। निराशा की हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि मृतक दिव्यांश बबीना के भड़रा गांव निवासी सुमित का इकलौता पुत्र था। उससे छोटी डेढ़ साल की एक बहन है। करीब 15 दिन पहले ही दिव्यांग अपने फूफा बादाम के घर आया था। यहां पढ़ने के लिए वह रुक गया था। दो घरों के इकलौते चिरागों के बुझ जाने से दोनों घरों में कोहराम मचा है।