ताज के कोच में गंदे में बनती मिली लस्सी, इंटरसिटी में बिक रहा था लोकल ब्रांड पानी
झांसी। भीषण गर्मी में ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्वच्छ खान-पान की उपलब्धता व ओवर चार्जिंग पर अंकुश लगाने चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को खान-पान निरीक्षक की टीम के निरीक्षण के दौरान ताज एक्सप्रेस में गंदे कोच में लस्सी बनाई जाती मिली। इसमें गंदे पानी का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं, उदयपुर इंटरसिटी में यात्रियों को लोकल ब्रांड का पानी 20 रुपये में बेचा जा रहा था। टीम ने यहां से मिली सभी खाद्य वस्तुओं को सील कर उसे जांच के लिए भेज दिया है।
अभियान के तहत मुख्य रूप से गाड़ी क्रमांक 64613 झाँसी बाँदा मेमू एवं गाड़ी क्रमांक 19666 खजुराहो उदयपुर एक्सप्रेस में अनाधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचने वालों पर सक्त कार्यवाही की गई | जांच टीम के सेक्शन में पंहुचने की खबर लगते ही अनाधिकृत वेंडर पानी की बोतलें एवं मट्ठा के पैकेट् छोड़ कर भाग गए | जांच टीम द्वारा 180 पानी की अनाधिकृत बोतलें एवं मट्ठा के 12 पैकेट जब्त कर झाँसी स्टेशन पर एल.पी.ओ. में जमा करवाया गया |
इस अभियान में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक साकेत शुक्ला, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक झांसी दिग्विजय सिंह, कैटरिंग इंस्पेक्टर राजेश यादव एवं अशोक कुमार तथा उप मुख्य टिकेट निरीक्षक मुख्यालय श्री अरुण सचान आदि उपस्थित रहे।
वहीं, झांसी से दिल्ली जा रही ताज एक्सप्रेस में टीम ने डी-4 कोच में लस्सी बनाते वेंडरों को पकड़ा। यहां गंदगी के बीच बोरी में भरी शक्कर व पॉलीथिन में रखे दही से लस्सी बना रहे थे। टीम ने सामान जब्त कर लिया। टीम में सीसीआई साकेत शुक्ला, दिग्विजय सिंह, कैटरिंग इंस्पेक्टर राजेश यादव, अशोक रायकवार, डिप्टी सीटीआई अरुण सचान मौजूद रहे।













