
छात्र नेताओं ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
झांसी। गुरुवार को बुन्देलखंड विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों के साथ सुरक्षा गार्ड द्वारा मारपीट से हंगामा हो गया है। परीक्षार्थियों का आरोप है कि विवि के सुरक्षा गार्ड्स ने पहले परीक्षार्थी से गाली-गलौज की और फिर बेरहमी से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आए उसके साथी को भी नहीं छोड़ा गया। आरोप है कि पीड़ित दलित छात्र और उसे बचाने आए साथियों के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई।
पीड़ित छात्र व समर्थकों ने चौकी पुलिस को शिकायती पत्र देकर धरने पर बैठ कर कार्रवाई की मांग की। छात्र नेताओं ने भी इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना का विवरण
पीड़ित छात्र मानव श्रीवास (BA.LLB तृतीय वर्ष, निवासी सागर गेट) ने बताया कि गुरुवार सुबह लगभग 9:30 बजे अपनी छठे सेमेस्टर की परीक्षा देकर बाहर निकला था। जब वह अपने जमा किए हुए फोन को वापस लेने के लिए इंतजार कर रहा था, तभी वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने छात्र की जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की। जब छात्र का साथी रोहित पाठक (विधि छात्र) उसे बचाने पहुंचा, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन दोनों को लात-जूतों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा। इस पूरी घटना का वहां मौजूद अन्य लोगों ने वीडियो भी बनाया है।
छात्र नेताओं ने संभाला मोर्चा
इस घटना की सूचना मिलते ही छात्र नेता बुन्देलखण्ड विश्विद्यालय लव सिन्हा, शैलेंद्र कुमार वर्मा और दीपक गुप्ता के नेतृत्व में छात्रों का एक दल पीड़ित के समर्थन में उतर आया। छात्र नेताओं ने इस कृत्य की घोर निंदा की और इसे एक “जघन्य अपराध” करार दिया।
छात्र नेताओं का संयुक्त बयान
”एक शिक्षण संस्थान में दलित छात्र के साथ इस तरह का व्यवहार और मारपीट कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। हम मांग करते हैं कि दोषी गार्डों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें विश्वविद्यालय से बर्खास्त किया जाए। यदि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो छात्र संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।”
वर्तमान स्थिति
पीड़ित छात्रों (मानव श्रीवास और रोहित पाठक) ने थाना नवाबाद के चौकी प्रभारी (बुंदेलखंड विश्वविद्यालय) को लिखित प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा पंजीकृत करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है इस मौके पर विधि के सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मौके पर पहुँचे विश्व विद्यालय के रजिस्ट्रार ज्ञानेन्द्र कुमार ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त कराया गया।














