झांसी। गरौठा से सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के साथ उनके करीबियों पर भी कार्रवाई का शिकंजा कसता जा रहा है। गुरुवार को जिला प्रशासन ने झांसी में तीन स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक के करीबियों की 24 करोड़ 28 लाख से अधिक की संपति कुर्क कर ली।
पुलिस ने बताया कि यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित करने के बाद करीबियों के नाम पर कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक की अब तक लगभग 596 करोड़ की संपति कुर्क की जा चुकी है। एसपी सिटी प्रीति सिंह और उप जिलाधिकारी गोपेश तिवारी भारी पुलिस बल व राजस्व विभाग के कई अधिकारियों के साथ सबसे पहले थाना नवाबाद क्षेत्र में करगुवां जी स्थित जमीन पर पहुंचे और मुनादी कराकर जमीन की कुर्की का ऐलान किया गया। इस दौरान प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में जमीन की नपाई की गई। हदबंदी करके कुर्क से संबंधित नोटिस भी चस्पा किया गया।
इसके बाद यह टीम थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत भगवंतपुरा और वनगुआ में पहुंची। वहां पर भी अवैध तरीके से अर्जित की गई जमीनों पर कार्रवाई की गई है। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि आज 07 मई को थाना नवाबाद पुलिस द्वारा न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अभियुक्त दीपनारायण उर्फ दीपक द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति, जो उसके सहयोगियों/बेनामी व्यक्तियों के नाम पर थी, को जब्त करते हुए कुल 03 स्थानों— करगुवां जी, वनगुआ एवं भगवन्तपुरा में स्थित कुल ₹24,28,37,200/- (चौबीस करोड़ अट्ठाइस लाख सैंतीस हजार दो सौ रुपये) मूल्य की अचल संपत्ति को कुर्क किया गया। यह कार्रवाई वाद संख्या 1651/26 के क्रम में न्यायालय के आदेश पर अभियुक्त दीप नारायण उर्फ दीपक की अवैध रूप से अर्जित संपति को 14-एक गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त किया गया है। करगुवां जी, वनगुवां व भगवंतपुरा क्षेत्र में उनके सहयोगी कैलाश नारायण, एसआर रेजिडेंस, गोस्वामी, मुन्ना लाल तथा अभिषेक गोस्वामी के नाम से दर्ज थीं।














