झांसी में जीएम के समक्ष समस्याओं को प्रस्तुत कर समाधान कराया जाएगा 

झांसी। नार्थ सेण्ट्रल रेलवे इम्प्लाॅईज संघ के मंडल कार्यालय में लोको रनिंग संवर्ग की महिला सहायक लोको पायलट ने गाड़ी संचालन के दौरान आने वाली समस्याओं को मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह, मंडल सचिव भानुप्रताप सिंह चंदेल, जिंसी मैथ्यू (अध्यक्ष महिला विंग), आरती तमोरी (सचिव महिला विंग) के समक्ष रखा और निराकरण की अपेक्षा की |
सभा को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा | मंडल सचिव भानुप्रताप सिंह चंदेल ने कहा कि 9 जून को महाप्रबंधक के झांसी आगमन से पूर्व यदि महिला कर्मियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो संबंधित समस्याओं से महाप्रबंधक को अवगत करा कर उचित समाधान कराया जाएगा |
सभा में दीपिका तिवारी ने कहा कि जो लोग लाईन पर कार्य कर रहे हैं उनके लिए समस्याएं विकराल हैं। उन्होंने बताया कि जो स्टाफ गाड़ी संचालन न करके सैटिंग करके यहाँ वहाँ काम कर रहे हैं उन्हें भी लाईन ड्यूटी पर निकाला जाए तो डिटेल में सुधार भी होगा और लाईन पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को समुचित विश्राम भी मिल सकेगा| क्रांति राजपूत ने कहा कि महिलाओं की शारीरिक और प्राकृतिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को सहानुभूति पूर्वक व्यवहार करना चाहिए |
सभा में विभिन्न महिलाओं ने अपने अपने विचार रखकर संगठन में आस्था व्यक्त करते हुए आने वाले समय में पुरजोर समर्थन करने का आश्वासन दिया |