– संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई 

झांसी।  झांसी में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक जहां कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर बरसे वहीं उन्होंने केंद्र में मोदी सरकार के सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के नौ वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि मोदी सरकार ने भारत की नौ वर्षों में तस्वीर बदल दी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर 2024 में भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल के नौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ने पूरी दुनिया का भ्रमण किया और भारत माता की छवि को सही ढंग से पेश किया।

मंगलवार को आयोजित सम्मेलन में उन्होंने पुलवामा में हुई घटना को याद दिलाते हुए कहा की अभिनंदन को पाकिस्तान से सकुशल बुलाने की हिम्मत सिर्फ मोदी जी के 56 इंच के सीने में थी। इनके अलावा कोई और नहीं बुला सकता था। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की जनहित की गरीब कल्याणकारी योजनाएं, हर घर जल हर घर नल, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे, पटरी दुकानदारों को लोन, आयुष्मान योजना निशुल्क उपचार, पानी, बिजली, किसान सम्मान निधि आदि के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि इससे देश व प्रदेश के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है। उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर देकर बहनों का जीवन स्तर बढ़ाया। गरीब आदमी आज बीजेपी को अपनी सरकार मानता है। कोविड काल में प्रधानमंत्री ने बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपये भेजे। यह सब जनधन खाते की वजह से संभव हो पाया है। अब कोई बिचौलिया चार आना नहीं खा सकता।

उन्होंने कहा की पहले सपा सरकार में लाइट सैफई, इटावा जाती थी, आजम खा के घर जाती थी। लेकिन अब बिजली आम जन के घर तक पहुंच रही। सपा सरकार में जनता के पैसे से मुंबई से बार डांसर बुलाकर सैफई में नचाई जाती थी। लेकिन जब से केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार बनी है जनता का पैसा जनता के पास पहुंच रहा, विकास हो रहा है।

उन्होंने कांग्रेस पर तीर चलाते हुए पुलवामा की घटना को याद करते हुए कहा की पहले पाकिस्तानी हमारी सीमा में घुसकर जवानों को मार गिराते थे और वह बोलते थे बस अब आखिरी है। लेकिन पुलवामा की घटना के बाद मोदी जी के नेतृत्व में उनके घर में घुसकर आतंकियों को सेना के जवानों ने मार गिराया और बंधक बनाए अभिनंदन की देश वापसी की हिम्मत सिर्फ 56 इंच के सीने में थी। मोदी के नेतृत्व में अभिनंदन की सकुशल देश वापसी हुई।

उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा की हालत सैकड़ों चूहे खाकर हज को जाने वाली बिल्ली जैसी हो गई है। जिन्होंने राम भक्तों के खून से अयोध्या की धरती को लाल कर दिया। आज वे राम और कृष्ण की बात करते हैं। जिंदा लोगों को छोड़कर वे श्मशान घाट को चमकाने चले गए। बुंदेलखंड से निकली चिंगारी पूरे प्रदेश में जाएगी। जैसे नवाब की सेना प्लासी के मैदान में अंग्रेजों से लड़ रही थी और देश तमाशा देख रहा था। आज माहौल बिल्कुल वैसा ही है, यह बताने आया हूं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में हर व्यक्ति के घर में टोंटी से पानी निकल रहा है। बुंदेलखंड की तकदीर बदलने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। लेकिन आज विद्यालयों में कायाकल्प लाकर 90 प्रतिशत विद्यालयों को निजी विद्यालयों से बेहतर बना दिया। अब हमारी बहनें मध्यान्ह भोजन योजना में खाना पकाती हैं। आज हमारी बहनों ने बीसवीं सदी में ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को संभालने का काम किया। अब विद्युत सखी गांव-गांव जाकर बिजली बिल जमा करेंगी। किसने सोचा होगा कि बड़ी-बड़ी सड़कें बनेंगी। अब दिल्ली जाना है तो बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे भर कर दिल्ली पहुंच जाओगे और चाय का प्याला नहीं हिलेगा। जिले में एक लाख 72 हजार किलोमीटर सड़कें बनीं। गुंडे या तो जेल में हैं या राज्य से भाग गए हैं।

उन्होंने कहा सपा सरकार में प्रदेश में अराजकता का माहौल था। बहन बेटियां घर से नही निकल पाती थी लेकिन अब योगी की सरकार में बहन बेटियां खुद को सुरक्षित मान कर रात बारह बजे भी सड़कों पर घूम रही। मोदी सरकार ने आम जन को आवास दिए, शोचालय दिए, किसानों का सम्मान निधि दी। यूपी में माफिया को नेश्तनाबूद करने के प्रयासों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा अब जो कानून तोड़ेगा, वह बच नहीं पाएगा। अपराधी अब या तो जेल में है या प्रदेश छोड़ कर भाग गए।

इस दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने भी मंच से मोदी सरकार की योजनाएं, परियोजनाएं व बुंदेलखंड को मिली सौगातें गिनाई। सम्मेलन में बबीना विधायक राजीव सिंह, महापौर बिहारी लाल आर्य, एमएलसी शिक्षक डॉ बाबूलाल तिवारी, जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, पूर्व महापौर रामतीर्थ सिंघल, सहकारी बैंक के अध्यक्ष जयदेव पुरोहित, अमित साहू आदि मौजूद रहे। संचालन भाजयुमो के जिलाध्यक्ष अमित जादौन ने किया।