– पानी वाली धर्मशाला पर मंदिर में बैठी मिली 

झांसी। जिला महिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के पूर्व पुलिस अभिरक्षा से किशोरी रफूचक्कर हो गई और किसी को पता नहीं चला। पुलिस द्वारा लड़की की तलाश की गई तो वह पानी वाली धर्मशाला पर मंदिर में बैठी मिल गई।

दरअसल, बरुआसागर निवासी एक किशोरी 2 जून को प्रैक्टिकल देने के लिए राम सहाय इंटर कॉलेज बरुआसागर गई थी। परिजनों के अनुसार सायं 4 बजे तक जब वह नहीं लौटी तो उसके गायब होने की सूचना 3 जून को बरुआसागर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस द्वारा लड़की की तलाश की गई और गत दिवस उसे बरामद कर लिया गया।

इसके बाद वैधानिक कार्रवाई के तहत किशोरी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के पूर्व मेडिकल परीक्षण कराने के लिए गाड़ी से महिला अस्पताल झांसी लाया गया। इस दौरान तीन पुलिस कर्मियों के अलावा लड़की के माता-पिता व चाचा भी साथ में थे। लड़की को लेकर पुलिस की गाड़ी महिला अस्पताल पहुंची। गेट पर गाड़ी से सभी उतर कर अस्पताल के अंदर जा रहे थे तभी अचानक मौका देख कर लड़की रफूचक्कर हो गई और किसी को भनक तक नहीं लगी।

अस्पताल से लड़की भागने की जानकारी मिलते ही अफरातफरी मच गई। पुलिस कर्मी व परिजन लड़की की तलाश में जुट गए। पुलिस द्वारा लड़की की फोटो दिखाकर तलाश की गई। इस दौरान एक युवक ने फोटो देख कर बताया कि यह लड़की पानी वाली धर्मशाला पर मंदिर में बैठी है। इस पर पुलिस बताए गए मंदिर पर पहुंची तो लड़की मिल गई।

पूछताछ पर लड़की ने बताया कि उसे पता चला कि उसका भाई आने वाला है। इससे मारपीट के डर से वह भाग निकली। लड़की के मिल जाने पर पुलिस व परिजनों ने राहत की सांस ली।