भाजपा रणनीतिकार 9 सदस्यों को जिताने की जुगत में, विपक्षी खेमा निर्दलीयों से मिल चार प्रत्याशी जिताने की जोड़-तोड़ में 

झांसी। नगर निगम झांसी की कार्यकारिणी का  चुनाव 15 जून को होना है। इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार जहां विपक्षी दलों ने निर्दलियाें से मिल कर भाजपा से दो दो हाथ करने की रणनीति तैयार की है वहीं भाजपा रणनीतिकार 9 सदस्यों को जिताने का गुणा-भाग लगाए हैं जबकि, संख्याबल के आधार पर पार्टी के अभी आठ सदस्य जीतते नजर आ रहे हैं। विपक्ष अपनी रणनीति के तहत भाजपा के खिलाफ कार्यकारिणी चुनाव में चार प्रत्याशी उतारेगा।

दरअसल, 15 जून को नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में 12 कार्यकारिणी सदस्य चुने जाने हैं। चुनाव में इस बार 60 में से 38 पार्षद जीतने पर भाजपा को पूर्ण बोर्ड मिला है। वहीं, बसपा के सात, कांग्रेस के चार, आप का एक पार्षद चुनाव जीता है जबकि, 10 निर्दलीय पार्षद सदन में पहुंचे हैं। इस चुनाव में मेयर, सांसद, दो एमएलसी और विधायक भी वोट देंगे। चूंकि, मेयर से लेकर विधायक तक सभी भाजपा के ही हैं। ऐसे में भाजपा के पक्ष में 43 वोट हो रहे हैं।

नियम के अनुसार करीब पांच वोट पाने वाला सदस्य कार्यकारिणी में शामिल हो जाता है। इस हिसाब से भाजपा आठ सदस्यों को चुनाव आसानी से जिता लेगी। वहीं, नौवां सदस्य जिताना भाजपा के लिए चुनौती बना है। इससे निपटने को भाजपा नेता पार्टी से बगावत कर चुनाव जीतने वाले और कुछ निर्दलीय पार्षदों के संपर्क में हैं। पार्टी दो से तीन पार्षदों को अपने पक्ष में कर लेती है तो नौवां प्रत्याशी भी जिताने में कामयाब हो जाएगी।

सूत्रों की मानें तो मंगलवार को विपक्षी खेमा (बसपा, कांग्रेस और आप) के पार्षदों ने निर्दलियों के साथ बैठक कर एकजुटता दिखाते हुए संयुक्त रूप से चार पार्षदों को कार्यकारिणी का चुनाव लड़ाने की रणनीति बनाई है। हालांकि, चार प्रत्याशी कौन होंगे, इसको लेकर फैसला लटका हुआ है। फिलहाल प्रत्याशी पर फैसला आज (बुधवार ) को फिर से विपक्षी पार्षदों की बैठक में होगा।