झांसी। जिले में एक मुस्लिम युवक ने हिंदू युवती को प्यार के जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर लिव-इन रिलेशन में रहने लगा। जब युवती ने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने धर्म बदलने का दवाब बनाया। महिला ने जब शर्त मानने से इंकार किया तो पीड़िता को छोड़ कर आरोपी युवक रफूचक्कर हो गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों और भाजपा नेताओं से करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

मध्य प्रदेश में टीकमगढ़ निवासी एक हिंदू युवती ने झांसी में शिकायत करते हुए बताया कि पूर्व में उसकी शादी जिस युवक से हुई थी वह उसे प्रताड़ित करता था। जिससे परेशान हो कर उसने उसे छोड़ दिया था। करीब एक वर्ष पहले उसकी मुलाकात मुस्लिम धर्म के युवक से हुई। युवक ने उससे दोस्ती कर प्यार के जाल में फंसा लिया। इतना ही नहीं शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक सम्बंध बना लिए।

इसके बाद जब उसने शादी करने का दवाब बनाया तो आरोपी युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। जिसकी शिकायत पर मध्य प्रदेश में टीकमगढ़ जिले के चंदेरा थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस कार्यवाही से बचने के लिए आरोपी ने एक बार फिर उसे झांसे में लिया और कहा कि वह मुकदमा वापस ले ले, वह उससे शादी करने के लिए तैयार है। इसके बाद आरोपी युवक उसे अपने साथ मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले रिश्तेदार के घर ले गया। जहां लगातार शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक सम्बंध बनाता रहा। इसके बाद चिरगांव थाना क्षेत्र में उसके साथ रहने लगा। वर्तमान में वह जनपद झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र में रहती है। चिरगांव में फिर उसे शादी करने के लिए कहा तो आरोपी युवक ने धर्म बदलने का दवाब बनाना शुरु कर दिया। पीड़िता ने धर्म बदलने से इंकार कर दिया तो धोखा देकर आरोपी युवक उसे चिरगांव में छोड़ कर चला गया, फिर नहीं लौटा। पीड़िता ने इसकी शिकायत थाने की पुलिस से लेकर उच्चाधिकारियों और भाजपा नेताओं से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। पुलिस द्वारा मामले को गम्भीरता से लेते हुए जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।